लखनऊ, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की मंशा के अनुरूप प्रदेश में खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसी क्रम में राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी उद्यमिता एवं प्रबंधन संस्थान (निफ्टेम), कुंडली (सोनीपत, हरियाणा) के प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश में निफ्टेम की सैटेलाइट इकाई की स्थापना को लेकर शासन स्तर पर विस्तृत विचार-विमर्श किया।निफ्टेम के प्रतिनिधि प्रो. प्रभात कुमार नेमा (डीएसडब्ल्यू) एवं डॉ. नितिन कुमार ने अपर मुख्य सचिव उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग बी.एल. मीणा से भेंट कर प्रदेश में खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों के विस्तार, नवाचार आधारित तकनीकी मानव संसाधन के निर्माण तथा युवाओं के लिए रोजगारपरक शिक्षा के अवसर बढ़ाने पर चर्चा की।बैठक में आर-फ्रैक (क्षेत्रीय खाद्य विश्लेषण केंद्र) एवं राजकीय खाद्य प्रसंस्करण प्रौद्योगिकी संस्थान को निफ्टेम की सैटेलाइट इकाई के रूप में विकसित किए जाने पर सहमति बनी। इस संबंध में शीघ्र ही खाद्य प्रसंस्करण विभाग एवं निफ्टेम के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया जाएगा।प्रस्तावित व्यवस्था के अंतर्गत स्नातक, परास्नातक, पीएचडी, शोध कार्यक्रमों के साथ-साथ अल्पकालिक एवं एक वर्षीय डिप्लोमा पाठ्यक्रम भी संचालित किए जाएंगे। साथ ही जनपद कौशांबी में निफ्टेम का उपकेंद्र तथा प्रयागराज में संस्थान की स्थापना पर भी सहमति व्यक्त की गई है।इस पहल से प्रदेश के युवाओं, उद्यमियों, कृषकों, महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों, गैर सरकारी संगठनों तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के लाभार्थियों को खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में प्रशिक्षण, तकनीकी सहायता और रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।निफ्टेम प्रतिनिधियों द्वारा आर-फ्रैक एवं राजकीय खाद्य प्रसंस्करण प्रौद्योगिकी संस्थान की आधारभूत संरचना, प्रयोगशालाओं एवं सुविधाओं का निरीक्षण भी किया गया, जिसमें उपलब्ध व्यवस्थाओं को प्रस्तावित सैटेलाइट केंद्र के संचालन हेतु उपयुक्त पाया गया।बैठक में अपर मुख्य सचिव बी.एल. मीणा, संयुक्त निदेशक (प्रशासन) सृष्टि धवन, संयुक्त निदेशक (खाद्य प्रसंस्करण) डॉ. एम.पी. सिंह, निदेशक आर-फ्रैक डॉ. हरीश कुमार सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रो. प्रभात कुमार नेमा एवं डॉ. नितिन कुमार को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

