लखनऊ, 09 जून 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 05 से 21 जून 2026 तक उत्तर प्रदेश में व्यापक जनकल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार इस अभियान को जनभागीदारी का उत्सव बनाते हुए युवाओं, विद्यार्थियों, प्रशिक्षुओं एवं उद्यमियों को कौशल विकास, रोजगार एवं स्वरोजगार से जोडऩे की दिशा में कार्य कर रही है।व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि अभियान के अंतर्गत उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों, प्रशिक्षण प्रदाता संस्थाओं तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधन इकाइयों के सहयोग से प्रदेश के विभिन्न जनपदों में तिथि-वार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें रोजगार मेले, कौशल प्रदर्शनियां, संवाद कार्यक्रम, उद्यमिता संगोष्ठियां, स्वच्छता जागरूकता अभियान, भाषण एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताएं तथा उद्योगों के साथ संवाद प्रमुख रूप से शामिल हैं।उन्होंने बताया कि 06 जून को बस्ती एवं अयोध्या में कौशल आधारित प्रतियोगिताओं और संवाद कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। 08 जून को अमरोहा, गोरखपुर और हापुड़ सहित कई जिलों में कौशल एवं उद्यमिता विषयक संगोष्ठियां आयोजित की गईं। 09 जून को सहारनपुर, गौतमबुद्ध नगर, फिरोजाबाद, अलीगढ़, बरेली, आजमगढ़ एवं बहराइच में कौशल प्रदर्शनियों और संवाद कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।इसी क्रम में 11 जून को बुलंदशहर और मुरादाबाद, 12 जून को आगरा, एटा, देवरिया, सिद्धार्थनगर एवं बलरामपुर सहित कई जनपदों में विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। 12 जून को देवीपाटन मंडल मुख्यालय पर बृहद मंडलीय रोजगार मेले का आयोजन भी प्रस्तावित है। 15 जून को शामली, मथुरा, हाथरस, बिजनौर और मऊ में शिक्षुता प्रशिक्षण एवं उद्यमिता से जुड़े कार्यक्रम होंगे, जबकि 16 जून को गाजियाबाद, पीलीभीत और महाराजगंज में कौशल प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी।17 जून को मेरठ मंडल मुख्यालय पर बड़ा मंडलीय रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। 18 जून को मैनपुरी में स्वच्छता एवं जन-जागरूकता संगोष्ठी तथा 19 जून को मुजफ्फरनगर, संभल, बदायूं और संत कबीर नगर में कौशल एवं उद्यमिता कार्यक्रम आयोजित होंगे। 20 जून को कासगंज, कुशीनगर, श्रावस्ती सहित विभिन्न जनपदों में जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि योगी सरकार ने कौशल विकास को रोजगार और आत्मनिर्भरता का मजबूत माध्यम बनाया है। प्रदेश में लाखों युवाओं को प्रशिक्षण, अप्रेंटिसशिप, रोजगार एवं स्वरोजगार से जोडऩे के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। यह जनकल्याण पर्व सरकार की उपलब्धियों के साथ-साथ युवाओं को नए अवसर प्रदान करने का भी माध्यम बनेगा।उन्होंने अधिकारियों एवं जिला समन्वयकों को निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रमों का सफल आयोजन सुनिश्चित करते हुए अधिकतम जनसहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

