आजमगढ़ 09 जून(आर एन एस)जनपद के रौनापार थाना क्षेत्र स्थित खोजौली गांव की निवासी राधिका सिंह ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर रौनापार थाना प्रभारी, एक कांस्टेबल तथा कुछ स्थानीय लोगों पर उनकी पैतृक भूमि पर अवैध कब्जा कराने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने मामले में एफआईआर दर्ज कर विधिक कार्रवाई की मांग की है।शिकायत के अनुसार, विवादित भूमि से संबंधित मामला सिविल न्यायालय में विचाराधीन है तथा निषेधाज्ञा प्रार्थना पत्र पर सुनवाई की तिथि भी निर्धारित है। इसके बावजूद विपक्षी पक्ष के देवानंद और दिवाकर द्वारा पुलिस की मौजूदगी में विवादित भूमि पर मिट्टी डलवाकर कब्जा करने का प्रयास किए जाने का आरोप लगाया गया है।राधिका सिंह का कहना है कि थाना प्रभारी सुनील कुमार दूबे स्वयं मौके पर मौजूद थे और भूमि की स्थिति बदलवाने में सहयोग किया। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उन्हें और उनके परिजनों को अपशब्द कहे गए तथा उनके पुत्र के साथ मारपीट की गई। साथ ही झूठे मुकदमे में फंसाने और एनकाउंटर कराने जैसी धमकियां देने का भी आरोप लगाया गया है।शिकायत में यह भी कहा गया है कि मौके पर कोई राजस्व विभाग की टीम मौजूद नहीं थी, इसके बावजूद पुलिस की मौजूदगी में भूमि पर तीन ट्रॉली मिट्टी डलवाई गई। कांस्टेबल अवधेश यादव पर भी विपक्षी पक्ष से मिलीभगत तथा धन की मांग करने का आरोप लगाया गया है।पीडि़ता का दावा है कि पुलिस की मौजूदगी में भूमि पर कब्जा कराने का वीडियो साक्ष्य उनके पास उपलब्ध है। उन्होंने एसएसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए थाना प्रभारी, संबंधित कांस्टेबल तथा विपक्षी पक्ष के लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।समाचार लिखे जाने तक इस मामले में पुलिस का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका था। यदि पुलिस का पक्ष प्राप्त होता है तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

