अदिति यादव मामले में सपा का भाजपा आईटी सेल पर हमला
सुल्तानपुर 10 जून (आरएनएस )। समाजवादी पार्टी ने सोशल मीडिया पर फैलाए गए कथित भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्टों को लेकर भाजपा और उसके समर्थकों पर तीखा हमला बोला है। सपा के पूर्व विधायक अरुण वर्मा ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपते हुए सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव के खिलाफ चलाए जा रहे कथित दुष्प्रचार अभियान पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
शिकायत में एक्स (पूर्व ट्विटर) और फेसबुक पर सक्रिय कई सोशल मीडिया हैंडल्स का नाम लेते हुए आरोप लगाया गया कि सुनियोजित तरीके से अदिति यादव की तस्वीरों का दुरुपयोग कर उन्हें एक विदेशी व्यक्ति की तस्वीर के साथ जोड़कर वायरल किया गया। साथ ही यह झूठा और मनगढ़ंत दावा फैलाया गया कि वह 7 करोड़ रुपये लेकर नाइजीरिया भाग गई हैं। अरुण वर्मा ने इन आरोपों को पूरी तरह काल्पनिक, असत्य और महिला की छवि धूमिल करने की राजनीतिक साजिश बताया। उन्होंने कहा कि जो लोग मंचों से नारी वंदन और बेटी बचाओ का नारा देते हैं, वही सोशल मीडिया पर राजनीतिक विरोधियों की बेटियों के खिलाफ अभद्र अभियान चला रहे हैं। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि अयोध्या राम मंदिर चंदा घोटाले जैसे मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने के लिए भाजपा आईटी सेल इस तरह की घटिया राजनीति कर रहा है। सपा नेताओं का कहना है कि लोकतंत्र में राजनीतिक विरोध स्वीकार्य है, लेकिन महिलाओं की गरिमा को निशाना बनाना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। पार्टी ने मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

