मेरठ 10 जून (आरएनएस )। मेडिकल थाना क्षेत्र में पोस्टमार्टम हाउस के पास सोमवार देर रात नौचंदी मेला देखकर लौट रहे एक परिवार के वाहनों को एक बाद एक कई बार तेज रफ्तार स्कॉर्पियो चालक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक ही परिवार के छह लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई। गुस्साए लोगों ने आरोपी चालक अमरपुर गांव निवासी मान चौधरी को पकड़ लिया। आरोपी ने लोगों पर दबंगई दिखाने का प्रयास किया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपी चालक व कार को लेकर थाने आ गई। पुलिस ने आरोपी का चालान और कार को सीज कर दिया।
मुजफ्फरनगर निवासी राधेश्याम धनप्रकाश ने सोमवार रात थाने पर तहरीर देते हुए बताया था कि वह अपनी पत्नी व परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बाइक से नौचंदी मेला देखने आए थे। मेला घूमने के बाद सभी लोग अपने रिश्तेदारों के घर जयभीमनगर जा रहे थे। रात करीब 1:30 बजे जब वह मेडिकल थाना क्षेत्र में पोस्टमार्टम हाउस के पास पहुंचे, तभी मेरठ की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने अचानक वाहनों को टक्कर मारनी शुरू कर दी।
आरोपी चालक ने पहले एक बाइक को टक्कर मारी और उसके बाद अनियंत्रित वाहन ने परिवार के अन्य सदस्यों की बाइक और स्कूटी को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के दौरान सड़क पर चीख-पुकार मच गई। कई लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। कुछ दूरी पर कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और चालक को वाहन से बाहर निकालकर पकड़ लिया। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ देर तक वहां हंगामे की स्थिति बनी रही। सूचना मिलने पर मेडिकल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले का कहना है कि आरोपी का चालान कर दिया गया है। उसकी कार को सीज कर दिया गया है।
आरोपी टक्कर मारने के बाद भी नहीं रुक रहा था। वह लगातार सड़क पर जा रहे राहगीरों को टक्कर मार रहा था। आरोपी का कार से नियंत्रण खो गया था। हादसे के दौरान बोले सामने मौत दिख गई थी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

