कुशीनगर, 10 जून (आरएनएस)। जनपद के पडरौना कोतवाली थाना क्षेत्र के खिरकिया बाजार में संदिग्ध परिस्थितियों में मिले शव के मामले ने तूल पकड़ लिया। जब पोस्टमार्टम के बाद मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिए। जिसके चलते पडरौना -बांसी मुख्य मार्ग पर करीब दो घंटे तक जाम लगा रहा।
परिजनों का आरोप है कि मृतक की हत्या कर शव को फेंका गया है, जबकि पुलिस मामले को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रही है। प्रदर्शनकारी पीडि़त परिवार को आर्थिक सहायता देने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे। बताया जाता है कि काफी समझाने-बुझाने और प्रशासनिक प्रयासों के बावजूद उग्र ग्रामीण सड़क से हटने को तैयार नहीं हुए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। बाद में ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग से शव हटाकर गांव के संपर्क मार्ग पर रखकर विरोध प्रदर्शन जारी रखा। घटना की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच कर परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। हालांकि समाचार लिखे जाने तक ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए रहे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कह रही है। घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल कायम है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

