कुशीनगर, 10 जून (आरएनएस)। जनपद के तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के गड़हिया गांव के एक परिवार पर उस समय दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब झारखंड के देवघर स्थित बाबाधाम में मुंडन संस्कार कराकर लौट रही बोलेरो पटना के समीप फोरलेन पर सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसे में मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्चे ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं परिवार के बच्चों समेत आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार नगर पंचायत फाजिलनगर के गड़हिया निवासी उपेंद्र सिंह बीते शनिवार की शाम अपनी पत्नी, मां तथा भाई के परिवार के साथ भाड़े की बोलेरो से झारखंड के देवघर स्थित बाबाधाम में अपने पुत्र वीरू के मुंडन संस्कार के लिए गए थे। धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होने के बाद सभी लोग मंगलवार की सुबह बोलेरो से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान पटना के पास वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटना में उपेंद्र सिंह 35 वर्ष, पुत्र अंबिका सिंह तथा उनकी मां फूलमती देवी 70 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल दो वर्षीय मासूम इश्तिका ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में रुक्मिणी देवी 50 वर्ष पत्नी सुभाष, वीरू 5 वर्ष एवं पवन 8 वर्ष पुत्र उपेंद्र सिंह, दीपा देवी 28 वर्ष पत्नी वीरेंद्र, परी 5 वर्ष पुत्री वीरेंद्र, निक्की देवी 33 वर्ष पत्नी उपेंद्र तथा उनकी भांजी संजना 14 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का उपचार अस्पताल में चल रहा है। जानकारी के अनुसार दुर्घटना का कारण चालक को नींद आ जाना बताया जा रहा है। जिसके चलते वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। बताया जाता है कि मृतक उपेंद्र सिंह के एक भाई विदेश में रहते हैं, जबकि दूसरा भाई बाहर नौकरी करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही गड़हिया गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरा गांव इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के चचेरे भाई सुभाष सिंह घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। वहीं परिवार के घर पर ताला लगा हुआ है। गांव में शोक का माहौल व्याप्त है और लोग पीडि़त परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

