– 3.08 लाख बच्चों को मिलेगी सुरक्षा की खुराक
फतेहपुर 10 जून (आरएनएस )। जनपद में बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाने के उद्देश्य से विटामिन-ए सम्पूरण अभियान का शुभारम्भ मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. यूबी सिंह ने अरबन प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र विनोबा नगर में फीता काटकर किया। कार्यक्रम में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. सुरेश कुमार, अर्बन नोडल अधिकारी, प्रभारी चिकित्साधिकारी विनोबा नगर, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. यूबी सिंह ने बताया कि 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन-ए की खुराक दिए जाने से उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है तथा वे विभिन्न बीमारियों से सुरक्षित रहते हुए स्वस्थ एवं पोषित जीवन जी सकते हैं। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के तहत बच्चों को आयु वर्ग के अनुसार विटामिन-ए की नौ खुराकें दी जाती हैं। उन्होंने बताया कि 9 से 12 माह के बच्चों को नियमित टीकाकरण सत्र के दौरान एमआर के प्रथम टीके के साथ एक लाख अंतर्राष्ट्रीय यूनिट विटामिन-ए (1 एमएल) की खुराक दी जाएगी। वहीं 16 से 24 माह के बच्चों को एमआर के दूसरे टीके के साथ 2 लाख अंतर्राष्ट्रीय यूनिट (2 एमएल) की खुराक प्रदान की जाएगी। इसके अलावा 2 से 5 वर्ष तक के बच्चों को प्रत्येक छह माह के अंतराल पर विटामिन-ए सम्पूरण कार्यक्रम के तहत 2 लाख अंतरराष्ट्रीय यूनिट (2 एमएल) की खुराक दी जाएगी। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. सुरेश कुमार ने अभियान के संचालन संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए बताया कि प्रत्येक सत्र स्थल पर कम से कम तीन विटामिन-ए की बोतलें उपलब्ध रहनी चाहिए। प्रत्येक बोतल खोलते समय उस पर तिथि अंकित की जाएगी तथा एक बोतल समाप्त होने के बाद ही दूसरी बोतल खोली जाएगी। उन्होंने कहा कि खुराक पिलाने से पूर्व बोतल की एक्सपायरी तिथि की जांच अनिवार्य रूप से की जाएगी तथा निर्धारित माप के अनुसार एएनएम द्वारा डिस्पोजेबल चम्मच से बच्चों को खुराक दी जाएगी। उन्होंने बताया कि बच्चों को विटामिन-ए की खुराक पिलाने के बाद एमसीपी कार्ड, यू-विन और ई-कवच पोर्टल पर प्रविष्टि भी सुनिश्चित की जाएगी। अभियान को सफल बनाने के लिए आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को ड्यू लिस्ट के अनुसार पात्र बच्चों को सत्र स्थलों तक लाने तथा भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि अभियान के तहत 9 से 12 माह तक के 35,150 बच्चों, 1 से 2 वर्ष तक के 67,035 बच्चों तथा 2 से 5 वर्ष तक के 2,06,535 बच्चों को विटामिन-ए की खुराक देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस प्रकार जनपद में कुल 3,08,720 बच्चों को इस अभियान से लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को निर्धारित सत्रों में अवश्य लेकर आएं और विटामिन-ए की खुराक दिलाकर उन्हें स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य प्रदान करें।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

