लखनऊ 10 जून (आरएनएस )।शहर में स्वच्छता, जल निकासी, पर्यावरण संरक्षण और आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से नगर निगम ने विभिन्न विकास कार्यों की गति तेज कर दी है। इसी क्रम में नगर आयुक्त गौरव कुमार ने बुधवार को कुकरैल नदी, मनोरथा गौशाला, नालों, सीवर व्यवस्था तथा विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं का व्यापक निरीक्षण कर अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निगम की प्राथमिकता केवल योजनाओं को शुरू करना नहीं, बल्कि उन्हें तय समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा कर नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।नगर आयुक्त ने सबसे पहले कुकरैल नदी का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने समता मूलक चौराहे से खुर्रम नगर चौराहे तक नदी के दोनों किनारों का भ्रमण कर सफाई एवं संरक्षण कार्यों की स्थिति देखी। निरीक्षण के दौरान नदी में जमा प्लास्टिक, जलकुंभी और अन्य अपशिष्ट पदार्थों पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुकरैल नदी केवल एक जलधारा नहीं बल्कि शहर की महत्वपूर्ण प्राकृतिक धरोहर है, जिसके संरक्षण और सौंदर्यीकरण के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जाना आवश्यक है।
नगर आयुक्त ने जोन-3, जोन-4 तथा जोन-7 की टीमों को नदी के दोनों किनारों पर वृहद सफाई अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यदायी संस्था एलएसए के सहयोग से नदी के आसपास सौंदर्यीकरण संबंधी गतिविधियां भी तेज करने को कहा गया। उन्होंने चीफ इंजीनियर मनोज प्रभात को निर्देशित किया कि नदी के भीतर जमा फ्लोटिंग मटेरियल तथा अन्य अपशिष्टों को तत्काल हटाया जाए ताकि जल प्रवाह बाधित न हो और नदी का प्राकृतिक स्वरूप संरक्षित रह सके।कुकरैल नदी के निरीक्षण के बाद नगर आयुक्त मनोरथा गौशाला पहुंचे, जहां उन्होंने निर्माणाधीन सड़क, शेड और बाउंड्री वॉल के कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य 20 दिनों के भीतर पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न हो। इसके लिए थर्ड पार्टी जांच कराए जाने के निर्देश भी दिए गए, जिससे कार्यों की पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।निरीक्षण के अगले चरण में नगर आयुक्त ने जोन-7 के सेक्टर-8 स्थित सुषमा हॉस्पिटल के निकट नाले की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर चल रहे सफाई कार्यों को संतोषजनक बताते हुए अधिकारियों की सराहना की, लेकिन साथ ही निर्देश दिया कि नालों की नियमित सफाई का कार्य लगातार जारी रखा जाए। उन्होंने कहा कि मानसून का समय निकट है और जलभराव की समस्या से बचाव के लिए नालों की सफाई अत्यंत आवश्यक हैइसके बाद नगर आयुक्त ने डी-ब्लॉक क्षेत्र में निर्माणाधीन नाले का निरीक्षण किया। उन्होंने आगामी बरसात को देखते हुए अधिकारियों को वैकल्पिक जल निकासी व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्यों के दौरान भी क्षेत्र में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।सीवर व्यवस्था की समीक्षा के दौरान नगर आयुक्त ने विभिन्न क्षेत्रों में सीवर प्रवाह संबंधी समस्याओं को गंभीरता से लिया। उन्होंने जलकल विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जहां कहीं भी सीवर जाम अथवा ओवरफ्लो की शिकायतें हैं, उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुचारु सीवर व्यवस्था शहर के स्वास्थ्य और स्वच्छता से सीधे जुड़ी हुई है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान नगर आयुक्त अटल बिहारी वाजपेयी डिग्री कॉलेज भी पहुंचे। यहां उन्होंने निर्माणाधीन ऑडिटोरियम, नए कक्षों तथा मरम्मत कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता ऐसी हो कि भविष्य में किसी प्रकार की तकनीकी समस्या उत्पन्न न हो।नगर आयुक्त गौरव कुमार ने निरीक्षण के अंत में कहा कि नगर निगम द्वारा संचालित सभी विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए और गुणवत्ता के मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को बेहतर सड़क, स्वच्छ वातावरण, सुचारु जल निकासी और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों की लगातार समीक्षा की जा रही है, ताकि लखनऊ को अधिक स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित शहर बनाया जा सके।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

