लखनऊ 10 जून (आरएनएस )केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों के बीच उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जिन 12 वर्षों को उपलब्धियों का स्वर्णिम काल बताकर उत्सव मना रही है, वास्तव में वही अवधि बेरोजगारी, महंगाई, शिक्षा व्यवस्था की अव्यवस्था, आर्थिक विषमता और लोकतांत्रिक संस्थाओं की कमजोर होती साख के लिए याद की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने और जनता का ध्यान वास्तविक मुद्दों से भटकाने के लिए उपलब्धियों का प्रचार कर रही है।बुधवार को जारी बयान में अजय राय ने कहा कि यदि केंद्र सरकार के 12 वर्षों का निष्पक्ष मूल्यांकन किया जाए तो सबसे अधिक नुकसान देश के युवाओं और छात्रों को हुआ है। उन्होंने कहा कि रोजगार और बेहतर भविष्य के सपने देखने वाले करोड़ों युवाओं को ऐसी शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था मिली, जहां लगातार पेपर लीक की घटनाओं ने उनकी मेहनत और उम्मीदों पर पानी फेर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि देशभर में 90 से अधिक प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हुए, जबकि अकेले उत्तर प्रदेश में दो दर्जन से अधिक भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाएं प्रभावित हुईं। इससे लाखों युवाओं का भविष्य अधर में लटक गया और सरकार निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने में विफल रही।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार के शासनकाल में देश की आर्थिक स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है। उन्होंने दावा किया कि आज देश के करोड़ों लोग मुफ्त राशन पर निर्भर हैं और उत्तर प्रदेश में भी बड़ी आबादी खाद्यान्न सहायता योजनाओं का लाभ लेने को मजबूर है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार रोजगार सृजन के बजाय लोगों को राशन वितरण के सहारे जीवनयापन के लिए छोड़ रही है। उनका कहना था कि आर्थिक विकास के बड़े-बड़े दावों के बावजूद आम नागरिक की आय में अपेक्षित वृद्धि नहीं हुई है और गरीब तथा मध्यम वर्ग लगातार आर्थिक दबाव झेल रहा है।अजय राय ने बेरोजगारी को भाजपा सरकार की सबसे बड़ी विफलताओं में से एक बताते हुए कहा कि सत्ता में आने से पहले हर वर्ष दो करोड़ रोजगार देने का वादा किया गया था, लेकिन आज युवाओं को रोजगार के अवसरों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि रोजगार के मोर्चे पर सरकार पूरी तरह विफल रही है और बड़ी संख्या में शिक्षित युवा नौकरी की तलाश में भटक रहे हैं।उन्होंने महंगाई को लेकर भी केंद्र सरकार को घेरा और कहा कि पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस तथा अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि से आम जनता की कमर टूट चुकी है। उन्होंने कहा कि महंगाई का सबसे अधिक प्रभाव गरीब, मजदूर, किसान और मध्यम वर्ग पर पड़ा है। घरेलू बजट बुरी तरह प्रभावित हुआ है और जीवन यापन की लागत लगातार बढ़ती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में असफल रही है और जनता को राहत देने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठा सकी।कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने किसानों की समस्याओं का भी उल्लेख करते हुए कहा कि खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। किसानों को समय पर खाद और अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। कई स्थानों पर कालाबाजारी की शिकायतें सामने आती हैं, जिससे किसानों को अतिरिक्त आर्थिक बोझ उठाना पड़ता है। उन्होंने आशंका व्यक्त की कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो आने वाले समय में खाद्य पदार्थों की कीमतों में और वृद्धि देखने को मिल सकती है।अजय राय ने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर भी सवाल उठाए और कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की स्थिति पहले जैसी प्रभावशाली नहीं दिखाई दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विदेश नीति के मोर्चे पर अपेक्षित मजबूती नहीं दिखा सकी और कई महत्वपूर्ण मामलों में देश के हितों की प्रभावी पैरवी नहीं हो पाई।उन्होंने लोकतांत्रिक और संवैधानिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली को लेकर भी चिंता व्यक्त की। उनका आरोप था कि देश की अनेक महत्वपूर्ण संस्थाओं की निष्पक्षता और विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती संस्थाओं की स्वतंत्रता पर निर्भर करती है और यदि संस्थाएं कमजोर होंगी तो लोकतांत्रिक व्यवस्था भी प्रभावित होगी।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र और उत्तर प्रदेश की तथाकथित डबल इंजन सरकारें जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने में सफल नहीं रही हैं। उन्होंने दावा किया कि आज देश का युवा रोजगार चाहता है, किसान अपनी उपज का उचित मूल्य और खेती के लिए आवश्यक संसाधन चाहता है, जबकि आम नागरिक महंगाई और आर्थिक संकट से राहत की अपेक्षा कर रहा है। लेकिन सरकार इन बुनियादी चुनौतियों का समाधान करने में असफल रही है।अजय राय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और युवाओं, किसानों, मजदूरों तथा आम नागरिकों के हितों की लड़ाई आगे भी मजबूती से लड़ती रहेगी। उन्होंने कहा कि सरकार को उत्सव मनाने के बजाय जनता की वास्तविक समस्याओं के समाधान पर ध्यान देना चाहिए, क्योंकि देश की जनता अब जवाब और परिणाम दोनों चाहती है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

