लखनऊ 10 जून (आरएनएस ),प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने तथा देश के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के ऐतिहासिक अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों में आस्था, राष्ट्रकल्याण और विकसित भारत के संकल्प को समर्पित विशेष पूजन-अर्चन कार्यक्रम आयोजित किए। प्रदेशभर के मंदिरों में भाजपा पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने पूजा-अर्चना, हवन और प्रार्थना कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र की निरंतर प्रगति, समृद्धि और विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति की कामना की।राजधानी लखनऊ में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने हनुमान सेतु मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना और शिवार्चन किया। वहीं पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने पारा स्थित बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव का पूजन कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर राष्ट्रसेवा के लिए प्रार्थना की। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए।हनुमान सेतु मंदिर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, गरीब कल्याण, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी सशक्त पहचान स्थापित कर चुका है और विभिन्न क्षेत्रों में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। प्रधानमंत्री ने अंत्योदय की भावना को व्यवहार में उतारते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है।उन्होंने कहा कि जनधन योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे कार्यक्रमों ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का काम किया है। इन योजनाओं के माध्यम से गरीब, किसान, महिला और वंचित वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोडऩे का कार्य हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व सेवा, सुशासन और राष्ट्र प्रथम की भावना का जीवंत उदाहरण है, जिसकी बदौलत भारत आज वैश्विक मंच पर सम्मानजनक स्थान प्राप्त कर रहा है।पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री की दूरदर्शी सोच, दृढ़ इच्छाशक्ति और निर्णायक नेतृत्व ने भारत को नई दिशा प्रदान की है। आज देश विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और विश्व समुदाय भारत की भूमिका को गंभीरता से स्वीकार कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा लिए गए प्रत्येक निर्णय में राष्ट्रहित, गरीब कल्याण और भविष्य के भारत के निर्माण की सोच स्पष्ट दिखाई देती है। यही कारण है कि देश की जनता ने लगातार तीसरी बार उन्हें देश का नेतृत्व सौंपकर उन पर अपना विश्वास व्यक्त किया है।वहीं बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष भारत के नवजागरण, सुशासन और जनकल्याण के स्वर्णिम अध्याय के रूप में याद किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने सेवा, समर्पण, पारदर्शिता और राष्ट्रहित को शासन की मूल भावना बनाकर राजनीतिक कार्यसंस्कृति को नई दिशा देने का कार्य किया है। गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं ने देश के विकास को नई गति प्रदान की है।धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की कर्मनिष्ठा, अनुशासन, राष्ट्र प्रथम की भावना और दूरदर्शी नेतृत्व करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके नेतृत्व में भारत ने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रहा है तथा राष्ट्र निर्माण की इस ऐतिहासिक यात्रा में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है।उन्होंने भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और असीम ऊर्जा प्राप्त हो, ताकि वे इसी प्रकार राष्ट्र और समाज की सेवा करते हुए भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को पूर्ण कर सकें।इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री संजय राय, क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा, युवा भाजपा नेता नीरज सिंह, महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, पूर्व मंत्री एवं मध्य प्रदेश भाजपा के प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह सहित अनेक वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।प्रदेशभर में आयोजित पूजन-अर्चन कार्यक्रमों के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत और सुशासन के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प भी दोहराया। पार्टी नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आने वाले वर्षों में विश्व की अग्रणी शक्तियों में और अधिक सशक्त स्थान प्राप्त करेगा तथा विकसित राष्ट्र बनने का लक्ष्य निश्चित रूप से हासिल करेगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

