लखनऊ 10 जून (आरएनएस ) कमिश्नरेट लखनऊ की चिनहट पुलिस ने युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी युवक को बिहार से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर युवती को सकुशल बरामद किया और आरोपी को हिरासत में लेकर उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार थाना चिनहट में 6 अप्रैल 2026 को एक महिला द्वारा अपनी पुत्री के अचानक लापता हो जाने की सूचना दी गई थी। तहरीर के आधार पर थाना चिनहट में भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना महिला उपनिरीक्षक प्रियंका राठौर द्वारा की जा रही थी।प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने तत्काल युवती की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग प्राप्त हुए, जिसके आधार पर टीम ने बिहार के पश्चिमी चंपारण जनपद में दबिश दी।पुलिस टीम ने 9 जून 2026 को पश्चिमी चंपारण जिले के बेतिया स्थित वार्ड नंबर चार, बंगाली टोला, बेरिया कॉलोनी क्षेत्र से युवती को सकुशल बरामद कर लिया। बरामदगी के बाद नियमानुसार उसके बयान दर्ज किए गए। जांच और बयान के दौरान अजीत वर्मन नामक युवक की भूमिका सामने आई, जिसके बाद उसे मामले में नामजद किया गया।पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी अजीत वर्मन को उसके निवास स्थान से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजीत वर्मन पुत्र विजय वर्मन निवासी वार्ड नंबर चार, बंगाली टोला, बेरिया कॉलोनी, थाना बेरिया, जनपद पश्चिमी चंपारण (बिहार) के रूप में हुई है। उसकी उम्र 19 वर्ष बताई गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। साथ ही प्रकरण से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है ताकि घटना के सभी पहलुओं को स्पष्ट किया जा सके।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक धीरेन्द्र कुमार राय, उपनिरीक्षक विशाल यादव, महिला उपनिरीक्षक प्रियंका राठौर तथा कांस्टेबल विनय शुक्ला की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम की सतर्कता और सक्रियता के चलते युवती को सुरक्षित बरामद कर लिया गया और आरोपी को कानून के शिकंजे में लाया गया।पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा कमिश्नरेट पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाती है, ताकि समाज में सुरक्षा और कानून का विश्वास कायम रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

