लखनऊ 10 जून (आरएनएस ), कमिश्नरेट लखनऊ की चिनहट पुलिस ने बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को बिहार से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर न्यायालय में प्रस्तुत करने की कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि मामले में नामजद दूसरे आरोपी के खिलाफ साक्ष्य संकलन का कार्य जारी है।पुलिस के अनुसार थाना चिनहट में 20 जनवरी 2026 को एक व्यक्ति द्वारा अपनी पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के संबंध में मुकदमा दर्ज कराया गया था। तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला पंजीकृत कर जांच शुरू की गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्काल विशेष पुलिस टीम गठित कर बालिका की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।जांच के दौरान पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए 25 जनवरी 2026 को ऐशबाग रेलवे स्टेशन, लखनऊ से बालिका को सकुशल बरामद कर लिया था। इसके बाद नियमानुसार उसके बयान दर्ज किए गए। जांच और बयान के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर मामले में दुष्कर्म तथा पॉक्सो अधिनियम की धाराएं भी बढ़ाई गईं।विवेचना के दौरान मुख्य आरोपी के रूप में आसिफ उर्फ नईमुल्ला पुत्र शकील निवासी मुरली पिपरा, थाना शिकारपुर, जनपद पश्चिमी चंपारण (बिहार) का नाम प्रकाश में आया। आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपी की लोकेशन का पता लगाया और 9 जून 2026 को बिहार के नरकटियागंज रेलवे स्टेशन से उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को लखनऊ लाकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में नामजद दूसरे आरोपी शमसाद आलम की भूमिका की भी जांच की जा रही है। उसके विरुद्ध साक्ष्य संकलन की कार्रवाई जारी है और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसके खिलाफ भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।इस महत्वपूर्ण कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक धीरेन्द्र कुमार राय, उपनिरीक्षक विशाल यादव, महिला उपनिरीक्षक प्रियंका राठौर तथा कांस्टेबल विनय शुक्ला शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने टीम की तत्परता और पेशेवर कार्यशैली की सराहना की है।कमिश्नरेट पुलिस ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाती है। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर पीडि़तों को न्याय दिलाने और दोषियों को कानून के दायरे में लाने के लिए पुलिस पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

