लखनऊ, 10 जून (आरएनएस ) । निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में लगातार 4399 दिन पूरे कर देश के सबसे लंबे समय तक इस पद पर रहने वाले जननेता बनने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रदेशवासियों की ओर से शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को लिखे अपने विशेष पत्र में उनके 12 वर्षों के कार्यकाल को राष्ट्रसेवा, सुशासन और जनकल्याण को समर्पित बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश ने विकास, सुरक्षा और समृद्धि के नए प्रतिमान स्थापित किए हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में अपना सर्वोत्तम योगदान देता रहेगा।मुख्यमंत्री ने पत्र में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आस्था और अर्थव्यवस्था के अद्भुत संगम के रूप में उभरा है। अयोध्या में रामलला के भव्य मंदिर में विराजमान होने से लेकर काशी विश्वनाथ धाम के पुनरोद्धार तक अनेक ऐतिहासिक कार्यों ने देश की सांस्कृतिक चेतना को नई ऊर्जा प्रदान की है। उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र ने पिछले 12 वर्षों में भारत को नई दिशा, नई गति और नया विश्वास दिया है। इसी प्रेरणा से उत्तर प्रदेश भी जनकल्याण, सुशासन और समावेशी विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित करते हुए विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभाव का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के करोड़ों नागरिकों को इन योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ मिला है। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत प्रदेश में तीन करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण कराया गया है, जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से लगभग 65 लाख परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए गए हैं। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत लगभग 10 करोड़ पात्र नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा कवच मिला है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत लगभग 15 करोड़ लोगों को नि:शुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से 1.86 करोड़ महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली है, जबकि किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से तीन करोड़ से अधिक किसानों को प्रत्यक्ष आर्थिक सहायता प्राप्त हुई है।
पत्र में मुख्यमंत्री ने कृषि क्षेत्र में हुए सुधारों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, सॉयल हेल्थ कार्ड, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना और अन्य किसान हितैषी कार्यक्रमों ने किसानों की आय बढ़ाने, उत्पादन क्षमता मजबूत करने और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इन योजनाओं के कारण ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिली है।रोजगार और कौशल विकास के क्षेत्र में हुई प्रगति का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश ने युवाओं के लिए व्यापक अवसर सृजित किए हैं। मिशन रोजगार के तहत नौ लाख से अधिक युवाओं को पारदर्शी और निष्पक्ष प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी सेवाओं में नियुक्ति प्रदान की गई है। वहीं कौशल विकास कार्यक्रमों के जरिए 25 लाख युवाओं को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण और रोजगार उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने कहा कि एमएसएमई, ओडीओपी, स्टार्टअप और स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से प्रदेश में तीन करोड़ से अधिक रोजगार और स्वरोजगार के अवसर सृजित हुए हैं, जिससे युवा शक्ति प्रदेश की विकास यात्रा की प्रमुख भागीदार बनी है।मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में विकसित हुई आधुनिक आधारभूत संरचना की भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि दिल्ली-मेरठ 12 लेन एक्सप्रेस-वे, नमो भारत रेल सेवा, देश का पहला इनलैंड वाटर-वे, ईस्टर्न और वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, वंदे भारत जैसी आधुनिक रेल सेवाओं तथा विश्वस्तरीय एक्सप्रेस-वे नेटवर्क ने प्रदेश की कनेक्टिविटी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। आज उत्तर प्रदेश पूरे देश में ‘एक्सप्रेस-वे प्रदेशÓ के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है। स्मार्ट सिटी परियोजनाओं, मेट्रो सेवाओं, आधुनिक हवाई अड्डों, लॉजिस्टिक्स नेटवर्क और औद्योगिक कॉरिडोर के विकास ने निवेश, व्यापार, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को अभूतपूर्व गति प्रदान की है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में हुए बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से उत्तर प्रदेश में ‘रूल ऑफ लॉÓ की प्रभावी स्थापना हुई है। प्रदेश आज माफिया मुक्त, दंगा मुक्त और भयमुक्त वातावरण के लिए जाना जाता है। व्यापारी, निवेशक, उद्योगपति और महिलाएं स्वयं को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। बेहतर कानून-व्यवस्था और निवेश अनुकूल वातावरण के कारण उत्तर प्रदेश देश के सबसे आकर्षक निवेश केंद्रों में शामिल हुआ है। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों के परिणामस्वरूप प्रदेश की अर्थव्यवस्था वर्ष 2017 की तुलना में लगभग तीन गुना हो चुकी है, प्रति व्यक्ति आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और बेरोजगारी दर में भी भारी कमी आई है। उत्तर प्रदेश आज एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है।अपने पत्र के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अवसर केवल एक राजनीतिक उपलब्धि नहीं, बल्कि देशवासियों के विश्वास और लोकतांत्रिक आस्था का प्रतीक है। उन्होंने पुन: भरोसा जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए पूर्ण समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी अग्रणी भूमिका निभाएगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

