आजमगढ़ 10 जून (आर एन एस)जनपद के मेंहनाजपुर थाना क्षेत्र के करसड़ा गांव में मंगलवार की शाम संपत्ति विवाद ने खूनी रूप ले लिया। सगे भाइयों के बीच हुए विवाद में बड़े भाई द्वारा किए गए कथित हमले में छोटे भाई की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई, जबकि पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार करसड़ा गांव निवासी 70 वर्षीय जगदीश विश्वकर्मा और उनके छोटे भाई ओमप्रकाश विश्वकर्मा के बीच लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार की शाम दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद के दौरान दोनों भाई आपस में उलझ गए। इसी बीच आरोप है कि जगदीश विश्वकर्मा ने पास में रखा बांस का डंडा उठाकर ओमप्रकाश के सिर पर जोरदार वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल ओमप्रकाश मौके पर ही गिर पड़े। परिजन और ग्रामीण उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं गांव में भी शोक और तनाव का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची मेंहनाजपुर थाना पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। क्षेत्राधिकारी लालगंज भूपेश पांडेय ने बताया कि संपत्ति विवाद को लेकर दो भाइयों के बीच मारपीट हुई थी। घायल ओमप्रकाश विश्वकर्मा की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। आरोपी बड़े भाई जगदीश विश्वकर्मा को हिरासत में ले लिया गया है। मामले में साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

