सोहावल-अयोध्या 19 जून (आरएनएस )। इक्ष्वाकु वंश में अवतरित अयोध्या परिक्षेत्र स्थित 15वें जैन तीर्थंकर भगवान धर्मनाथ के पावन जन्मस्थल रत्नपुरी रौनाही में शुक्रवार को श्रीराम राज्य संकल्प वृक्ष (कोविदार) का रोपण किया गया। यह कार्यक्रम भगवान श्रीराम के आदर्श चरित्र, मर्यादा एवं लोक कल्याणकारी मूल्यों के अनुरूप समाज निर्माण की संकल्पना पर आधारित श्रीराम राज्य संकल्प वृक्ष अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, अयोध्या केन्द्र के प्रमुख बी0 के0 मुकेश ने कहा कि नशामुक्त युवा ही देश को नई दिशा दे सकता है। युवाओं में नैतिक एवं आध्यात्मिक मूल्यों का विकास राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। अभियान के संयोजक ई0 रवि तिवारी ने श्री रामराज्य संकल्प वृक्ष अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ भगवान श्रीराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का कार्य नहीं, बल्कि भावी पीढिय़ों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का निर्वहन भी है। प्रवीण सिंह एडवोकेट ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्शों मर्यादाओं एवं लोक कल्याणकारी विचारों को अपनाकर ही वास्तविक रामराज्य की स्थापना संभव है। हमें अपने जीवन में सत्य, सेवा, सदाचार और समरसता के मूल्यों को आत्मसात करना चाहिए। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण तथा राम राज्य के आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया। वृक्षारोपण के उपरांत अभियान की सफलता एवं समाज के कल्याण हेतु शुभकामनाएँ व्यक्त की गई। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष किसान मोर्चा चन्द्र शेखर तिवारी, मनोज गुप्ता, अखिलेश मिश्रा, मालेंद्र तिवारी, बैजनाथ मौर्य, अजय सिंह, राकेश शुक्ला आदि सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

