भोपाल 10 जून (आरएनएस)। बजरिया थाना क्षेत्र में 17 साल की एक छात्रा ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना मंगलवार की है। पुलिस को मौके से एक मोबाइल फोन और गर्भनिरोधक गोलियों का पत्ता मिला है। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम हुआ। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार छात्रा ने इसी साल 12वीं की परीक्षा पास की थी। वह अपने पिता के साथ रहती थी, जबकि उसकी मां 2017 से अलग रह रही है। परिवार में उससे छोटा एक भाई और एक बहन हैं।
घटना के समय दोनों छोटे भाई-बहन घर के बाहर खेल रहे थे। रात में घर लौटने पर उन्होंने बहन को आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। कई बार दरवाजा खटखटाने के बाद उन्होंने अपने चाचा को सूचना दी। चाचा ने छात्रा के पिता को बुलाया।
पिता के घर पहुंचने पर दरवाजे में बने छेद से अंदर देखा गया। इसके बाद किसी तरह दरवाजा खोला गया तो छात्रा फंदे पर लटकी मिली। घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई।
बजरिया थाना प्रभारी के अनुसार मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल की जांच और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

