नाराज ग्रामीणों ने किया बेलखेड़ा थाने का घेराव; एसपी ने बैठाई जांच
जबलपुर 10 जून (आरएनएस)। जिले के बेलखेड़ा थाना क्षेत्र में घायल युवक की मौत के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। परिजनों ने आरोप लगाया है कि गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के बजाय पुलिस ने उसे और उसके साथ आए परिजनों को कई घंटे तक थाने में बैठाए रखा। समय पर इलाज नहीं मिलने से युवक की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार बेलखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरिया कलां निवासी उमेश उर्फ इंदर (30) का सोमवार शाम गांव में कुछ लोगों से विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के दौरान उस पर कृषि उपकरण ‘राइजरÓ से सिर पर हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजनों का कहना है कि वे घायल उमेश को लेकर बेलखेड़ा थाने पहुंचे थे, ताकि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई हो सके और उसे तत्काल उपचार मिल सके। उनका आरोप है कि पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजने के बजाय करीब तीन घंटे तक थाने में ही रखा। इस दौरान उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती रही और उसे खून की उल्टियां भी होती रहीं, लेकिन समय पर चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध नहीं कराई गई।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के आरोपी थाने के बाहर मौजूद रहे, जबकि घायल युवक को ही हिरासत में रखा गया। बाद में हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान बुधवार सुबह उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत की खबर मिलते ही पिपरिया कलां सहित आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में बेलखेड़ा थाने पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने शव को थाने के बाहर रखकर प्रदर्शन किया और मुख्य मार्ग पर जाम लगाते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
मामले में एसडीओपी लोकेश डाबर ने बताया कि पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने पूरे घटनाक्रम की जांच के निर्देश दिए हैं। घटना के दिन के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है तथा जांच रिपोर्ट शीघ्र पुलिस अधीक्षक को सौंपी जाएगी।
पुलिस के अनुसार, युवक पर हुए हमले के संबंध में 9 जून को एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। अब युवक की मृत्यु के बाद मामले में आवश्यक कानूनी धाराएं बढ़ाई जाएंगी। वहीं, परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

