घर से दबोचा गया आरोपी, पिस्टल और कारतूस बरामद
जबलपुर 10 जून (आरएनएस)। घमापुर थाना क्षेत्र में हुई चर्चित फायरिंग की वारदात में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। लंबे समय से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी सुयश उर्फ छोटू चौबे को पुलिस ने उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान उसके कब्जे से एक पिस्टल, कारतूस सहित अन्य सामग्री बरामद की गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले में शामिल अन्य लोगों और घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।
गौरतलब है कि 21 मार्च 2026 की रात चुंगी चौकी से कांचघर चौक के बीच पुरानी रंजिश के चलते यश थराट पर जानलेवा हमला किया गया था। आरोपियों ने उस पर गोली चलाई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार किया गया। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था और पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी बाबू सिंधी और निखिल कंजा को गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि फायरिंग की साजिश रचने और वारदात को अंजाम देने में सुयश उर्फ छोटू चौबे की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने 17 अप्रैल 2026 को आरोपी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया और उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर लगातार दबिश दी जा रही थी।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को आरोपी की मौजूदगी की सूचना मिली, जिसके आधार पर उसके घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक पिस्टल, कारतूस और अन्य सामग्री बरामद की गई। बरामद हथियार की वैधता और उसके उपयोग के संबंध में भी पुलिस जांच कर रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

