भोपाल 11 जून (आरएनएस)। भोपाल के ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाली 33 वर्षीय महिला ने अपने ही भांजे पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि आरोपी घर में घुसकर उसके साथ कई बार गलत काम करता रहा। परेशान होकर उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। अस्पताल में इलाज के दौरान दिए गए बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार पीडि़ता मिसरोद इलाके के एक गांव में अपने पति के साथ रहती है। उसका पति सब्जी का काम करता है और रोजाना सब्जी खरीदने के लिए मंडीदीप की मंडी जाता है। आरोपी भी उसी गांव में पीडि़ता के घर के पास रहता है। महिला के बयान के मुताबिक 5 जून को आरोपी पति की गैर मौजूदगी में घर में घुस आया और उसके साथ जबरदस्ती की। इसके बाद आरोपी कई बार इसी तरह की हरकत करता रहा। पीडि़ता ने इसकी जानकारी अपने पति और परिजनों को दी, लेकिन आरोप है कि कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। आरोपी को समझाइश तक नहीं दी गई।
पीडि़ता ने बताया कि आरोपी की हरकतें लगातार बढ़ती जा रही थीं। शिकायतों के बावजूद परिवार वाले आरोपी को कुछ नहीं कहते थे। इससे वह मानसिक रूप से परेशान हो गई और 9 जून को जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगडऩे पर परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसने पूरे मामले की जानकारी दी।
पुलिस ने पीडि़ता के बयानों के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है। मामले की जांच जारी है।

