जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए रुपये मांगने की बात को लेकर एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रिछाई निवासी प्रिंस स्वामी (१९), जो पेशे से ड्राइवर है, ने रांझी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उसने बताया कि बीती रात करीब ८:३० बजे वह अपने दोस्त हर्ष सेन के साथ मड़ई क्षेत्र में सब्जी खरीदने जा रहा था। जब दोनों मड़ई तलैया मरघटाई के पास पहुंचे, तभी वहां पहले से मौजूद रितिक यादव और शुभम यादव ने उन्हें रोक लिया।
शिकायत के अनुसार दोनों आरोपियों ने शराब पीने के लिए एक हजार रुपये की मांग की। जब प्रिंस ने रुपये देने से इनकार किया तो दोनों उसके साथ गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि रितिक यादव ने प्रिंस को पकड़ लिया, जबकि शुभम यादव ने चाकू निकालकर उसके दाहिने पैर की जांघ पर वार कर दिया, जिससे वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।
हमले के बाद दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
रांझी थाना पुलिस ने घायल की शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा २९६(बी), ११९(१), ३५१(२) एवं ३(५) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

