मेरठ ,13 जून(आरएनएस)। मेरठ के नौचंदी क्षेत्र में चंदा और मदद मांग रही सीरिया की एक महिला को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। खुफिया एजेंसियां भी मामले की जांच कर रही हैं।
नौचंदी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक विदेशी महिला के चंदा और आर्थिक सहायता मांगते मिलने से पुलिस और खुफिया एजेंसियां सक्रिय हो गईं। सीरिया की रहने वाली बताई जा रही 33 वर्षीय महिला को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की जांच में खुफिया विभाग की टीमें भी जुटी हुई हैं।
जानकारी के अनुसार महिला हाथ में अंग्रेजी में लिखा एक बोर्ड लेकर लोगों से सहायता मांग रही थी। बोर्ड पर लिखा था कि वह सीरिया की निवासी है और अपने पति के उपचार के लिए आर्थिक मदद चाहती है। राहगीरों की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को थाने ले गई।
पति के इलाज के लिए भारत आने का दावा
पूछताछ में महिला ने अपना नाम फनादी बताया। उसका कहना है कि वह अपने बीमार पति के उपचार के लिए भारत आई है। महिला के अनुसार उसके पति दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती हैं और उनके पैरों में गंभीर चोट है। उपचार का खर्च उठाने के लिए वह लोगों से आर्थिक सहायता मांग रही थी। महिला को थाने लाने के बाद पुलिस के साथ खुफिया ब्यूरो और स्थानीय खुफिया इकाई की टीमों ने भी उससे विस्तृत पूछताछ की। अधिकारियों ने उसके यात्रा दस्तावेज, वीजा और भारत आने के उद्देश्य से जुड़े पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।
वीजा नियमों की भी हो रही जांच
पुलिस अधिकारियों के अनुसार महिला चिकित्सा वीजा पर भारत आई है। प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि वीजा की शर्तों के तहत बिना निर्धारित अनुमति एक शहर से दूसरे शहर जाने पर प्रतिबंध हो सकता है। इसी पहलू को लेकर भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक नगर विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि महिला से पूछताछ की जा रही है। उसके दस्तावेजों और वीजा संबंधी शर्तों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

