मेरठ ,13 जून(आरएनएस)। गेल गैस लिमिटेड ने अब एलपीजी मुक्त कालोनी घोषित करने की तैयारी कर ली है। इसके लिए 50 कॉलोनियों को गेल गैस लिमिटेड की ओर से नोटिस भेजा गया है। इन कालोनियों में सभी को पीएनजी कनेक्शन लेना अनिवार्य होगा। यहां के निवासियों को तीन महीने में एलपीजी कनेक्शन सरेंडर करना पड़ेगा। एलपीजी कनेक्शन छोडऩे के लिए पेट्रोलियम कंपनियों का भी पत्र इसी नोटिस के साथ भेजा गया है।
गेल गैस लिमिटेड की तैयारी के अनुसार जिन मुहल्ले या कॉलोनियों में पीएनजी की लाइन पहुंच चुकी है, वहां पर अब लोगों को एलपीजी कनेक्शन सरेंडर करना पड़ेगा। इसके लिए तीन महीने की समय सीमा दी जाएगी। इसके तहत जिन्होंने अब तक पीएनजी कनेक्शन नहीं लिया था उन्हें अब इसी गैस की सेवा लेनी पड़ेगी।
गेल गैस लिमिटेड मेरठ क्षेत्र के महाप्रबंधक विनय कुमार ने बताया कि 50 कॉलोनियों के विकासकर्ता, सोसाइटी के अध्यक्ष, सचिव को नोटिस भेज दिया गया है। जल्द ही इसके लिए अभियान शुरू किया जाएगा।
नोटिस की समय सीमा बीतने के बाद पेट्रोलियम कंपनियां स्वयं के स्तर से ही एलपीजी कनेक्शन रद कर देंगी, इसलिए नोटिस की समय सीमा के अंदर ही घरों तक पीएनजी कनेक्शन पहुंचाना है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

