सरधना (मेरठ),13 जून(आरएनएस)। सरधना थाना क्षेत्र के रार्धना-पाली कांवड़ पटरी मार्ग पर शुक्रवार देर रात पाली के पुल के पास पेटीएम कंपनी के बड़ौत जोन के टीम लीडर को चार नकाबपोश बदमाशों ने रोक लिया। इसके बाद उसके साथ मारपीट कर बाइक व मोबाइल लूटकर फरार हो गए। पीडि़त ने बताया कि बदमाशों में एक युवती भी थी। इसके बाद पीडि़त कैसे-तैसे भट्टे पर पहुंचा और पुलिस को जानकारी दी।
जिला मुजफ्फरनगर के थाना रतनपुरी क्षेत्र के मुजाहिदपुर गांव निवासी आकाश शर्मा पुत्र महेश शर्मा पेटीएम कंपनी में बड़ौत जोन के सेल्स विभाग में टीम लीडर के पद पर तैनात हैं। शुक्रवार रात वह अपनी बाइक पर सवार होकर गांव जा रहे थे। आकाश ने बताया कि जब वह सरधना थाना क्षेत्र के रार्धना-पाली कांवड़ पटरी मार्ग पर पाली पुल के पहुंचे। तभी पहले से खड़े एक बदमाश ने अपनी बाइक उसकी बाइक के आगे लगाकर रोक दी।
उसी दौरान एक अन्य बाइक पर सवार होकर तीन नकाबपोश बदमाश और पहुंच गए। जिसके बाद आकाश के साथ मारपीट शुरू कर दी। साथ ही जेब की तलाशी ली। जब कुछ नहीं मिला। इस पर बदमाश गाली-गलौज कर उसकी बाइक व मोबाइल लूटकर चले गए। इसके बाद पीडि़त आकाश कैसे-तैसे पैदल चलकर एक भट्टे पर पहुंचा और वहां पर लोगों की मदद से पुलिस को फोन पर जानकारी दी।
पीडि़त के अनुसार प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीडि़त ने बताया कि लगभग तीन बजे पुलिस उसे अपने घर छोड़कर आई। आकाश ने बताया कि उसके साथ मारपीट के बाद एक नकाबपोश बदमाश ने उसका आईकार्ड देखा। तभी उसकी आवाज और नकाब खुलने पर युवती होने का पता चला। युवती की उम्र लगभग 23 साल थी और गोल गले की लाल रंग की टी-शर्ट और लोवर पहन रखा था। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी खंगालने में जुटी हुई है।
घटना के अगले दिन एसपी देहात अभिजीत कुमार व सीओ सरधना आशुतोष कुमार मुजाहिदपुर गांव में पहुंचे। जहां आकाश से पूरा प्रकरण जानकारी सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। पीडि़त आकाश शर्मा ने बताया कि उसने वर्ष 2024 में कैसे-तैसे कर किश्तों पर बाइक खरीदी थी। जिसकी अभी कई किश्ते बाकी है। फिलहाल इस घटना के बाद पीडि़त में दहशत का माहौल है।
इन्होंने कहा
पीडि़त की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच चल रही है। जल्द ही राजफाश किया जाएगा।
-दिनेश प्रताप सिंह, प्रभारी निरीक्षक थाना सरधना।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

