जबलपुर 14 जून (आरएनएस)। शहर के कई क्षेत्रों में रविवार को नगर निगम की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई नजर आई। गुरंदी बाजार, गलगला चौक और मुमताज बिल्डिंग रोड सहित कई स्थानों पर न तो कचरा उठाया गया और न ही नियमित झाड़ू लगाई गई। इसके चलते सड़कों और बाजारों में कचरे के ढेर जमा हो गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, भोजन की तलाश में गौवंश इन कचरे के ढेरों तक पहुंच गया और प्लास्टिक व अन्य अपशिष्ट का सेवन करने लगा, जो उनके स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक है। नागरिकों ने इसे नगर निगम की लापरवाही बताते हुए नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
रविवार को गुरंदी बाजार में बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मुख्य बाजार में सफाई और कचरा उठान की व्यवस्था और अधिक प्रभावी होनी चाहिए। लेकिन बाजार के बाहर और सड़कों पर फैली गंदगी ने न केवल स्थानीय व्यापारियों बल्कि खरीदारी करने आए लोगों को भी निराश किया।
नागरिकों का कहना है कि जबलपुर ने स्वच्छ सर्वेक्षण में देशभर में पांचवां स्थान हासिल किया है, लेकिन यदि प्रमुख बाजारों में ही नियमित सफाई नहीं होगी तो यह उपलब्धि केवल कागजों तक सीमित होकर रह जाएगी। लोगों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि रविवार सहित प्रत्येक दिन प्रमुख बाजारों में नियमित कचरा उठान और सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि शहर की स्वच्छता और नागरिकों की सुविधाएं प्रभावित न हों।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

