भोपाल14 जून (आरएनएस)। निशातपुरा थाना क्षेत्र के करोंद इलाके में एक युवती ने अपने मौसेरे भाई पर शादी का झांसा देकर तीन साल तक रेप करने का आरोप लगाया है।युवती का कहना है कि आरोपी लंबे समय तक उसके साथ लिव-इन में रहा और जब उसने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी ने रिश्ता खत्म करते हुए कहा कि वह उसकी बहन लगती है, इसलिए शादी नहीं हो सकती। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शनिवार की रात दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, 23 वर्षीय युवती करोंद इलाके में किराए के मकान में रहकर मंडीदीप की एक फैक्ट्री में नौकरी करती है। उसका मौसेरा भाई भी उसके साथ ही रहता था और एक बैंक में निजी नौकरी करता था
दोनों सीहोर जिले के दोराहा क्षेत्र के रहने वाले हैं। पीडि़ता ने पुलिस को बताया कि जून 2023 में साथ रहने के दौरान आरोपी ने उसके साथ संबंध बनाए। विरोध करने पर उसने शादी करने का भरोसा दिया। इसके बाद आरोपी लगातार शादी का आश्वासन देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा।
आए दिन विवाद करता था आरोपी युवती का आरोप है कि जब भी वह शादी की बात करती थी तो आरोपी किसी न किसी बहाने से टाल देता था। कुछ समय बाद उसने शादी को लेकर फिर दबाव बनाया तो दोनों के बीच विवाद हुआ।
शादी से किया साफ इनकार आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपी ने शादी से इनकार करते हुए कहा कि दोनों मौसेरे भाई-बहन हैं और उनकी शादी नहीं हो सकती। इसके बाद युवती ने निशातपुरा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

