भोपाल 14 जून (आरएनएस)। जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में छोटे तालाब में डूबने से 15 वर्षीय किशोर अनस कुरैशी की मौत हो गई। अनस पुत्र सोहेल कुरैशी, बढ़ वाली मस्जिद जहांगीराबाद का रहने वाला था और मुखबधिर था। शनिवार शाम उसने अपनी मां से पार्क घूमने की जिद की। मां उसे लिली टॉकीज के पास स्थित पार्क में लेकर पहुंची। मां पार्क में बैठी रही, जबकि अनस नहाने के लिए छोटे तालाब के किनारे पानी में उतर गया।
नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। यह देख मां ने मदद की पुकार की, आसपास मौजूद लोगों ने शोर सुनकर मदद की और उसे पानी से बाहर निकाला। उस समय तक अनस की सांसें चल रही थीं। परिजन और स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया। देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद जहांगीराबाद पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किशोर मां के साथ पार्क घूमने आया था और नहाने के दौरान हादसे का शिकार हो गया। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

