भोपाल 14 जून (आरएनएस)। मध्यप्रदेश की युवा बॉक्सर माही लामा का चयन बॉक्सिंग वल्र्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम में हुआ है। माही चीन में होने वाली इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 60 किलोग्राम भार वर्ग में देश का प्रतिनिधित्व करेंगी। यह प्रतियोगिता 15 से 20 जून तक आयोजित होगी। भारतीय टीम शनिवार रात चीन के लिए रवाना हो गई है।
माही लामा भोपाल स्थित राज्य बॉक्सिंग अकादमी में प्रशिक्षण ले रही हैं। उन्होंने पिछले कुछ सालों में कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अच्छा प्रदर्शन किया है। लगातार मेहनत और शानदार खेल के दम पर उन्होंने भारतीय टीम में जगह बनाई है।
माही का कहना है कि उनका पूरा फोकस अब वल्र्ड कप में अच्छा प्रदर्शन करने पर है। वे देश के लिए पदक जीतकर भारत और मध्यप्रदेश का नाम रोशन करना चाहती हैं।
माही की इस उपलब्धि को प्रदेश के युवा खिलाडिय़ों के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है। खेल विशेषज्ञों का कहना है कि मेहनत, अनुशासन और सही प्रशिक्षण के दम पर खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकते हैं और माही इसका अच्छा उदाहरण हैं।

