कुशीनगर, 15 जून (आरएनएस)। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जनपद में योग सप्ताह का शुभारंभ उत्साह एवं जनसहभागिता के साथ किया गया। जिला क्रीड़ास्थल रविन्द्रनगर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री राजेश्वर सिंह एवं क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. जगदीश यादव द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
योग प्रशिक्षक अनुज झिंझारिया, अभय रंजन मिश्र, आशीष कुमार एवं अदिति सिंह द्वारा कॉमन योग प्रोटो कॉल के अंतर्गत विभिन्न योगासनों, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। जिला क्रीड़ास्थल रविन्द्रनगर में आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 500 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इसके अतिरिक्त जनपद की समस्त तहसीलों, विकास खण्डों एवं ग्राम पंचायतों में भी योग सप्ताह के अंतर्गत योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिनमें बड़ी संख्या में आमजन ने सहभागिता करते हुए योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बल्कि मानसिक एवं आध्यात्मिक संतुलन का भी प्रभावी माध्यम है। योग सप्ताह का उद्देश्य जनसामान्य में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ एवं निरोगी समाज के निर्माण हेतु अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम के समापन पर क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. जगदीश यादव ने उपस्थित सभी नागरिकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योग सप्ताह का आयोजन 15 जून से 20 जून तक जिला क्रीड़ास्थल रविन्द्रनगर, कुशीनगर में प्रतिदिन किया जाएगा। इसके उपरांत 21 जून को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बुद्ध महापरिनिर्वाण स्थली (बुद्धा टेम्पल), कुशीनगर में मुख्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डा0 धर्मेन्द्र कुमार,
डॉ. सन्तराम मौर्य एवं डॉ. अनिरुद्ध कुमार नोडल अधिकारी, विशाल प्रताप सिंह जिला कार्यक्रम प्रबंधक आयुष, अविनाश कुमार शर्मा सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

