कुशीनगर, 15 जून (आरएनएस)। सपा राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर समाजवादी पार्टी कुशीनगर के कार्यकर्ताओ ने केंद्र व प्रदेश सरकार के गलत नीतियों के चलते देश में फैली अराजकता, बेरोजगारी, महंगाई, पेपर लीक सहित विभिन्न जनसमस्याओं एवं जनहित के मुद्दों को लेकर जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन कर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सपा जिलाध्यक्ष राम अवध यादव के नेतृत्व में जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट पर जिले भर से पहुचे पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने केंद्र व प्रदेश सरकार के गलत नीतियों के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया। इस दौरान सपा नेताओं ने प्रदेश सरकार पर किसानों, युवाओं, बेरोजगारों, व्यापारियों तथा आम जनता की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों ने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था, बिजली संकट, भ्रष्टाचार तथा किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। सपा नेताओं ने कहा कि प्रदेश की जनता मौजूदा सरकार की नीतियों से परेशान है और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने चेतावनी दिया कि यदि जनता की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो समाजवादी पार्टी आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगी। धरना-प्रदर्शन के बाद सपा प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा और विभिन्न मांगों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन को लेकर जिला प्रशासन ने पहले से ही जिला मुख्यालय पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात कर रखा था।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

