रायपुर, 16 जून (आरएनएस)। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की पिंक पेट्रोल यूनिट ने संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए एक बिछड़े हुए मासूम बच्चे को उसकी मां से सुरक्षित मिलाकर मानवता का उदाहरण प्रस्तुत किया।
रायपुर पुलिस कमिश्नर के निर्देशन में संचालित पिंक पेट्रोल यूनिट को सोमवार को मरही माता मंदिर पॉइंट के पास लगभग 4 से 5 वर्ष का एक बालक लावारिस अवस्था में रोते हुए मिला। टीम ने तत्काल बच्चे को सुरक्षित संरक्षण में लेकर उससे पूछताछ की। बच्चे ने अपना नाम आराध्य गुप्ता बताया, लेकिन घबराहट के कारण वह अपने परिजनों के बारे में अधिक जानकारी नहीं दे सका।
इसके बाद पिंक पेट्रोल टीम बच्चे को साथ लेकर आसपास के क्षेत्र में उसकी मां और परिजनों की तलाश में जुट गई। लगातार खोजबीन और पूछताछ के दौरान मेकाहारा परिसर के भीतर बच्चे की मां पिंकी गुप्ता (28 वर्ष), निवासी भैरव नगर, संतोषी नगर, रायपुर, मिलीं, जो अपने बेटे की तलाश कर रही थीं।
महिला ने बताया कि वह इलाज कराने के लिए मेकाहारा आई थीं। इसी दौरान भीड़-भाड़ में उनका बेटा हाथ छुड़ाकर कहीं चला गया था। पिछले तीन से चार घंटे से वह उसकी तलाश कर रही थीं, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था।
आवश्यक पुष्टि और बच्चे द्वारा महिला को अपनी मां के रूप में पहचानने के बाद पिंक पेट्रोल टीम ने बालक आराध्य गुप्ता को सकुशल उसकी मां के सुपुर्द कर दिया। अपने बच्चे को सुरक्षित पाकर महिला की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े और उन्होंने रायपुर पुलिस तथा पिंक पेट्रोल टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
रायपुर पुलिस ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए पुलिस सदैव तत्पर है तथा ऐसे मामलों में संवेदनशीलता के साथ तत्काल कार्रवाई की जाती है।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

