० तिलक, पुष्पाहार और पुस्तक वितरण के साथ नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत
सुकमा, 16 जून (आरएनएस)। शासन की शिक्षा-हितैषी नीतियों और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता के अनुरूप स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूल, पावारास में प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का प्राचार्य टी.डी. दास एवं शिक्षकों द्वारा तिलक लगाकर और पुष्पों से स्वागत किया गया। विद्यालय परिसर में प्रार्थना सभा के दौरान राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत, सरस्वती वंदना, छात्र प्रतिज्ञा सहित विभिन्न प्रेरणादायी गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिससे विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और नैतिक मूल्यों का संचार हुआ।
कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) के पदाधिकारियों, अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार की सक्रिय सहभागिता रही। प्राचार्य ने विद्यालय की उपलब्धियों और शासन द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की जानकारी देते हुए अभिभावकों को बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहभागी बनने का आह्वान किया। उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावक प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को प्रेरक उद्बोधन देकर शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला तथा उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रोत्साहित किया।
प्रवेश उत्सव के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, मुकुट पहनाकर एवं पुष्पहार अर्पित कर आत्मीय स्वागत किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में प्री-प्राइमरी एवं कक्षा पहली के 30 नवप्रवेशी विद्यार्थियों सहित कुल 62 विद्यार्थियों की उपस्थिति रही। आयोजन के समापन पर सभी अतिथियों, अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार ने सामूहिक न्योता भोज में सहभागिता की। यह आयोजन प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के उस प्रयास का सशक्त उदाहरण रहा, जिसके माध्यम से प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण, समावेशी और प्रेरणादायी शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

