कोलकाता 16 जून (आरएनएस)। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भवानीपुर विधानसभा सीट से बीजेपी के शुभेंदु अधिकारी, जो पहली भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री बने, से मिली हार को हाईकोर्ट में चुनौती देते हुए कलकत्ता हाईकोर्ट में चुनाव याचिका दायर की है। उच्च न्यायालय में अर्जी के कागजात पर हस्ताक्षर करने पहुंची ममता बनर्जी के साथ सांसद डेरेक ओ ब्रायन, डोला सेना, और कल्याण बनर्जी मौजूद थे।
चुनावी नतीजों के अनुसार शुभेंदु अधिकारी ने इस सीट पर ममता बनर्जी को लगभग 15 हजार वोटों से मात दी थी। जहां एक तरफ शुभेंदु अधिकारी को 73917 वोट मिले, तो ममता बनर्जी को 58812 वोट मिले थे। हाईकोर्ट में दायर की गई याचिका में ममता बनर्जी ने भवानीपुर निर्वाचन क्षेत्र के सभी चुनाव संबंधी रिकॉर्ड को सुरक्षित रखने का आग्रह किया है, जिसमें मतदान से जुड़े दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ईवीएम शामिल हैं। ममता बनर्जी का कहना है कि इन उपकरणों और दस्तावेजों को तुरंत सील किया जाए ताकि इनके साथ कोई छेड़छाड़ या इन्हें नष्ट न किया जा सके। उल्लेखनीय है कि 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम सीट पर मिली करीबी हार को लेकर भी तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी ने भाजपा उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी की जीत को सीधे कलकत्ता हाईकोर्ट में चुनौती दी। ममता बनर्जी का आरोप था कि वोटों की गिनती में धांधली की गई है, इसलिए उन्होंने नंदीग्राम में फिर से मतगणना कराने की मांग की थी। इस हाई-प्रोफाइल मामले के शुरुआती जज ने ममता बनर्जी पर अदालत का समय खराब करने के आरोप में ?5 लाख का जुर्माना भी लगाया था, जिसके बाद मामले की सुनवाई दूसरी बेंच को सौंप दी गई। यह कानूनी लड़ाई आज भी अदालत में जारी है। अब, 2026 के विधानसभा चुनाव में शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को भवानीपुर सीट से भी हरा दिया है। जिसके बाद ममता बनर्जी ने एक बार फिर चुनावी नतीजों को खारिज करते हुए कलकत्ता हाईकोर्ट में दूसरी याचिका दायर कर दी है। इस तरह उच्च न्यायालय में ममता बनर्जी बनाम शुभेंदु अधिकारी के दो अलग-अलग चुनावी विवादों पर एक साथ कानूनी सुनवाई चल सकती है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

