भोपाल 19 जून (आरएनएस)। हबीबगंज थाना पुलिस ने चोरी की दो वारदातों का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 2 लाख रुपए कीमत का चोरी का सामान बरामद किया गया है। इसमें एलईडी टीवी, लैपटॉप, चांदी के जेवर और अन्य सामान शामिल है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी तक पहुंचकर कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार शिवाजी नगर निवासी रुचि बेलवंशी 20 जनवरी को परिवार के साथ शादी समारोह में शामिल होने छिंदवाड़ा गई थीं। 23 फरवरी को वापस लौटने पर घर का ताला टूटा मिला। अंदर से एलजी कंपनी की एलईडी टीवी, चांदी की पायल और तांबे का कलश गायब था। मामले में पुलिस ने चोरी का प्रकरण दर्ज किया था।
वहीं दूसरी घटना में कल्याणी वर्किंग वुमेन हॉस्टल में रहने वाली ऋतु त्रिवेदी के कमरे का ताला तोड़कर चोर लैपटॉप चोरी कर ले गया था। दोनों मामलों की जांच के लिए पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की और संदिग्धों की जानकारी जुटाई। मुखबिर से सूचना मिली कि संदिग्ध युवक 5 नंबर वाइन शॉप के पास मौजूद है। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने दोनों चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आर्यन चौहान उर्फ अनिकेत उर्फ डागी (22) निवासी अर्जुन नगर, भोपाल के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से चोरी का एलईडी टीवी, लैपटॉप, चांदी के जेवर सहित करीब 2 लाख रुपए का सामान जब्त किया है। पुलिस आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

