भोपाल 19 जून (आरएनएस)।राजधानी भोपाल से चार दिन पहले लापता हुआ 6 वर्षीय अंश मैना मथुरा में सुरक्षित मिल गया है। भोपाल पुलिस की छह टीमें लगातार बच्चे की तलाश में जुटी थीं। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने अंश को ट्रेस किया। अंश को पुलिस ने अपनी कस्टडी में ले लिया है। टीम जल्द ही उसे मथुरा से भोपाल लेकर रवाना होगी।
जानकारी के अनुसार अंश मैना ईदगाह हिल्स स्थित बाजपेयी नगर मल्टी का रहने वाला है। उसकी मां लालघाटी स्थित मल्टी केयर अस्पताल में भर्ती थीं। मंगलवार को अस्पताल परिसर के पास खेलते समय अंश अचानक गायब हो गया था।
परिजनों की सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। बच्चे की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गईं और शहर सहित आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया।
एसीपी अनिल बाजपेयी के मुताबिक जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अंश एक ट्रेन में अकेले बैठकर जाता हुआ दिखाई दिया था। इसके बाद पुलिस ने रेलवे रूट और अन्य तकनीकी माध्यमों से उसकी तलाश तेज कर दी। आखिरकार चार दिन बाद अंश मथुरा में मिल गया।

