सीहोर 19 जून (आरएनएस)। नगर पालिका ने अवैध प्लाटिंग करने वाले भू-माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। शहर के पॉश इलाके चाणक्यपुरी के समीप विकसित की जा रही एक अवैध कॉलोनी पर आज नगर पालिका का बुलडोजर चलाया गया। इस कार्रवाई से अवैध प्लाटिंग में शामिल कॉलोनाइजरों में हड़कंप मच गया।
यह अवैध कॉलोनी बिना डायवर्जन, टीएनसीपी (टाउन एंड कंट्री प्लानिंग) की अनुमति और किसी भी वैध स्वीकृति के विकसित की जा रही थी। भू-माफिया चाणक्यपुरी जैसे रिहायशी इलाके के पास बेशकीमती जमीन पर अवैध रूप से सड़कें और बाउंड्रीवॉल का निर्माण कर रहे थे। इसकी जानकारी मिलने पर नगर पालिका प्रशासन ने कार्रवाई की।
मौके पर पहुंची नगर पालिका की टीम ने जेसीबी की मदद से अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान अवैध निर्माण करने वालों को विरोध करने या किसी तरह की सिफारिश करने का मौका नहीं मिला।
इस कार्रवाई के बाद नगर पालिका ने आम लोगों से अपील की है कि वे सस्ते प्लॉट के लालच में अवैध कॉलोनियों में अपनी मेहनत की कमाई न लगाएं, क्योंकि ऐसी कॉलोनियों में सड़क, पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं की कोई गारंटी नहीं होती। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सीहोर में अवैध प्लाटिंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

