पन्ना 19 जून (आरएनएस)। पवई पुलिस ने क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने करीब 60 हजार रुपए का चोरी का सामान बरामद किया है। दोनों आरोपियों को कोर्ट के आदेश के बाद जेल भेज दिया गया है।
पवई थाना प्रभारी सुशील कुमार अहिरवार ने बताया कि 13 जून की रात चोरों ने झिलमिला गांव के शासकीय माध्यमिक शाला का ताला तोड़कर कीमती सामान चोरी किया था। चोरों ने स्कूल के जरूरी दस्तावेजों में आग भी लगा दी थी, जिसकी शिकायत प्रधानाध्यापक सुनील कुमार जैन ने दर्ज कराई थी।
स्कूल में हुई इस वारदात के साथ ही बुधेड़ा गांव के किसान लोकेंद्र सिंह ने भी अपने खेत से सिंचाई की मोटर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। लगातार हो रही इन चोरियों को देखते हुए थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिरों को लगाया।
पुलिस ने सूचना के आधार पर घेराबंदी कर प्रदीप पटेल (21) निवासी मुराछ और प्रिंस राजा (25) निवासी बुधेड़ा को हिरासत में लिया। पूछताछ करने पर दोनों ने स्कूल में चोरी, आगजनी और खेत से मोटर चोरी करने का जुर्म कबूल कर लिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुशील कुमार अहिरवार के साथ सहायक उप निरीक्षक राम सजीवन तिवारी, प्रधान आरक्षक विनोद कुमार अहिरवार, कमलेश शर्मा, सुरेंद्र प्रजापति और आरक्षक राकेश डुडवे की मुख्य भूमिका रही।

