कांकेर, 20 जून (आरएनएस)। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कांकेर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 69 आबकारी प्रकरणों में जब्त 465 लीटर अवैध शराब एवं महुआ पास का नष्टीकरण किया है। नष्ट की गई शराब की अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू की मौजूदगी में शनिवार को चौकी दुधावा परिसर में पुलिस एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। इस दौरान आबकारी एक्ट के विभिन्न मामलों में जब्त देशी, विदेशी और महुआ शराब को नियमानुसार नष्ट किया गया।
पुलिस के अनुसार चौकी दुधावा के 46 प्रकरणों से जब्त 346 लीटर, थाना नरहरपुर के 16 प्रकरणों से 87 लीटर तथा चौकी हल्बा के 7 प्रकरणों से 32 लीटर अवैध शराब एवं महुआ पास को नष्ट किया गया। इस तरह कुल 69 प्रकरणों में जब्त 465 लीटर शराब का विधिवत नष्टीकरण किया गया।
नष्ट की गई शराब में रॉयल स्टैग, बैगपाइपर, मैकडॉवेल्स नंबर-1 समेत कई विदेशी ब्रांड की शराब, विभिन्न ब्रांड की बीयर, देशी प्लेन शराब और महुआ शराब शामिल थी।
कांकेर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल नजदीकी थाना, चौकी या पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9479155125 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
यह समाचार प्रकाशन के लिए तैयार है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

