गरियाबंद, 20 जून (आरएनएस)। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ गरियाबंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 हाईवा ट्रकों को जब्त किया है। राजिम थाना क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई से अवैध रेत कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश और मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस टीम ने पिछले तीन दिनों के दौरान धमतरी और पोखरा रोड की ओर से आ रहे वाहनों की जांच की। इस दौरान अवैध रूप से रेत परिवहन करते हुए कुल 8 हाईवा ट्रकों को पकड़ा गया।
पुलिस ने सभी वाहनों को जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा करा दिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए खनिज विभाग और राजस्व विभाग को विस्तृत प्रतिवेदन भेजा गया है। संबंधित विभाग अब नियमों के तहत कार्रवाई करेंगे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गरियाबंद पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध खनन के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। प्रशासन ने साफ किया है कि प्राकृतिक संसाधनों की अवैध तस्करी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आने वाले दिनों में भी विशेष जांच अभियान जारी रहेंगे।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

