0 भिलाई के सेक्टर-4 में घटना से सनसनी, आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
दुर्ग, 21 जून (आरएनएस)। भिलाई के टाउनशिप क्षेत्र में एक कॉलेज छात्र का शव फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। घटना सेक्टर-4 स्थित बंद पड़े बीएसपी स्कूल परिसर की है, जहां 22 वर्षीय युवक का शव मिलने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान दीपांशु वर्मा (22) के रूप में हुई है, जो कल्याण कॉलेज का छात्र था। उसके पिता भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) में कार्यरत हैं। बताया जा रहा है कि युवक कुछ समय से घर से लापता था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दीपांशु ने घर से निकलने से पहले अपनी मां से 100 रुपये मांगे थे। जांच में यह बात सामने आई है कि उसने कथित तौर पर उन पैसों से रस्सी खरीदी थी। बाद में उसका शव बीएसपी के बंद पड़े स्कूल परिसर में फंदे से लटका मिला।
घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। नोट में लिखा था, मुझसे इतनी नफरत के लिए धन्यवाद। मुझे दफनाना नहीं, मेरा अंतिम संस्कार करना। हालांकि इस कथित सुसाइड नोट के आधार पर आत्महत्या के पीछे के कारणों को लेकर अभी कोई स्पष्ट निष्कर्ष नहीं निकाला गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में लिया है। साथ ही परिजनों, दोस्तों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मामले के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

