रायपुर, 22 जून (आरएनएस)। राज्य शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल करते हुए 12 तहसीलदारों को डिप्टी कलेक्टर के पद पर पदोन्नत किया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा पदोन्नति और पदस्थापना के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, पदोन्नत अधिकारियों को तीन वर्ष की स्थानापन्न अवधि के लिए डिप्टी कलेक्टर के पद पर नियुक्त किया गया है। शासन ने स्पष्ट किया है कि इन अधिकारियों की सेवाएं छत्तीसगढ़ राज्य प्रशासनिक सेवा (वर्गीकरण, भर्ती तथा सेवा की शर्तें) नियम, 2023 के प्रावधानों के अंतर्गत संचालित होंगी।

राज्य सरकार के इस निर्णय को प्रशासनिक कार्यों में दक्षता और बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पदोन्नति के बाद संबंधित अधिकारियों को नवीन पदस्थापना स्थल पर शीघ्र कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
शासन के इस फैसले से प्रशासनिक महकमे में उत्साह का माहौल है, वहीं विभिन्न जिलों में प्रशासनिक कार्यों को और अधिक गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
0

