भोपाल,27 जून(आरएनएस)। कजलीखेड़ा थाना क्षेत्र स्थित कुशाभाऊ ठाकरे अस्पताल में भर्ती एक मरीज शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात बाथरूम में फांसी लगा ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कजलीखेड़ा थाने के सब-इंस्पेक्टर ने बताया कि मृतक की पहचान सागर निवासी दीपक शुक्ला (48) के रूप में हुई है। वह पेशे से किसान थे। परिजनों के अनुसार उनकी मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्या का इलाज चल रहा था, जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
पुलिस के मुताबिक गुरुवार देर रात दीपक अस्पताल के बाथरूम में गए थे। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर अस्पताल स्टाफ और परिजनों ने उन्हें देखा तो वे अचेत अवस्था में मिले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जाएगी। फिलहाल मर्ग कायम कर सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, अभी तक किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है। मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

