०आमाबेड़ा पुलिस की कार्रवाई, पॉक्सो एक्ट के तहत आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
कांकेर,28 जून (आरएनएस) । उत्तर बस्तर कांकेर जिले की आमाबेड़ा पुलिस ने नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी पर शादी का झांसा देकर पीडि़ता का लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने का आरोप है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, थाना आमाबेड़ा क्षेत्र की रहने वाली पीडि़ता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि करीब एक वर्ष पहले आरोपी सकुनलाल पोयाम (21 वर्ष) ने उसे प्रेमजाल में फंसाकर शादी का झांसा दिया और जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद वह लगातार विवाह का भरोसा देकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष बंझोर तथा एसडीओपी शुभम तिवारी के निर्देशन में थाना प्रभारी विनोद कुमार साहू के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने आरोपी की तलाश करते हुए कोण्डागांव जिले के बड़ेडोंगर थाना क्षेत्र के ग्राम तोरण्ड में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद थाना आमाबेड़ा में दर्ज अपराध क्रमांक 20/2026 में बीएनएस की धारा 64, 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 6 के तहत विधिवत कार्रवाई कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार साहू, उप निरीक्षक भुनेश्वर चंद्रवंशी तथा आरक्षक दिलीप कचलाम, उत्तम कुमार ठाकुर, अमर सिंह नेताम, प्रदीप निषाद और कृष्णा सोनकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कांकेर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की सूचना हेल्पलाइन 94791-55125 पर दें। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
००००

