सिरसा 29 जून (आरएनएस)। एक उम्मीद एक मौका टीम के 2 साल पूरे होने पर टीम द्वारा शहीद भगत सिंह पार्क में पौधा रोपण किया गया। टीम सदस्य प्रवीन कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण एक दिवस तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की निरंतर जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का आह्वान करते हुए कहा कि आने वाली पीढिय़ों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण देना हम सभी का कर्तव्य है। सुरेंद्र बब्बर ने कहा कि पेड़-पौधे केवल हरियाली का प्रतीक नहीं हैं, बल्कि जीवन के आधार हैं। बढ़ते शहरीकरण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच वृक्षारोपण का महत्व और अधिक बढ़ गया है। यदि प्रत्येक नागरिक एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो यह अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़े जन आंदोलन का रूप ले सकता है। वरुण कुमार ने कहा कि बढ़ती ग्लोबल वार्मिंग की समस्या को देखते अधिक से अधिक पौधारोपण समय की जरूरत है। हम सभी को मिलकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में काम करना होगा, ताकि हमारी आने वाली पीढ़ी स्वच्छ हवा में सांस ले सके। इस मौके पर डा. मनस्वी गुंबर ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान उपजी ऑक्सीजन समस्या के कारण आमजन ने जो परेशानियां झेली है, ऐसी समस्या भविष्य में न आए, इसके लिए अभी से सभी को संयुक्त प्रयास करने होंगे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

