श्रद्धा कपूर को आखिरी बार ब्लॉकबस्टर फिल्म स्त्री 2 (2024) में देखा गया था। अब वह अपनी बहुचर्चित फिल्म ईथा के जरिए बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचाने के लिए तैयार हैं। निर्देशक लक्ष्मण उतेकर द्वारा निर्देशित इस फिल्म का टीजर पहली बार शाहिद कपूर की फिल्म कॉकटेल 2 के साथ सिनेमाघरों में रिलीज हुआ था। अब निर्माताओं ने आधिकारिक तौर पर ईथा का टीजर यूट्यूब पर जारी कर दिया है। इसमें अभिनेत्री पहली बार बिल्कुल अलग किरदार में दिखी हैं।
टीजर की शुरुआत भावनात्मक और चौंकाने वाले क्षण से होती है। तमाशा कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर के रूप में, श्रद्धा स्टेज के पीछे अकेले नवजात को जन्म देती हैं और अगले ही लावणी की तैयारी में लग जाती हैं। वह कहती हैं, पड़े पड़े मरी तो बेचारी कहलाऊंगी पर नाचते हुए मरी तो मिसाल बन जाऊंगी। फिल्म का टीजर बेहद दमदार है। रणदीप हुड्डा और जीशान अय्यूब भी फिल्म का हिस्सा हैं। यह 28 अगस्त, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
टीजर में श्रद्धा कपूर की गंभीर अभिव्यक्ति, देहाती परिवेश और दमदार स्क्रीन प्रेजेंस ने दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है। फिल्म ‘ईथाÓ महाराष्ट्र की प्रसिद्ध लोक कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर के जीवन से प्रेरित बताई जा रही है। विठाबाई को तमाशा कला की दुनिया का बड़ा नाम माना जाता है। उन्होंने अपने संघर्ष, मेहनत और अद्भुत प्रतिभा के दम पर लोक कला को नई पहचान दिलाई थी। फिल्म में उनके जीवन के विभिन्न पहलुओं को दिखाया जाएगा, जिसमें कला के प्रति समर्पण, सामाजिक चुनौतियां और व्यक्तिगत संघर्ष प्रमुख रूप से शामिल हैं।
फिल्म की पहली झलक से साफ है कि श्रद्धा कपूर ने इस किरदार के लिए काफी मेहनत की है। उनके लुक, बॉडी लैंग्वेज और भाव-भंगिमाओं में एक लोक कलाकार की छवि साफ नजर आती है। लंबे समय बाद श्रद्धा किसी ऐसी बायोपिक का हिस्सा बनी हैं, जिसमें उन्हें अपने अभिनय की नई परतें दिखाने का मौका मिलेगा। दर्शकों को इस फिल्म में उनका एक परिपक्व और भावनात्मक रूप देखने को मिल सकता है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

