लखनऊ 5 जुलाई (आरएनएस )। राजधानी के चिनहट थाना क्षेत्र में युवती को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि मामले की विवेचना जारी है।
पुलिस के अनुसार 4 जुलाई को पीडि़ता ने थाना चिनहट में लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया कि बाराबंकी जनपद के जैदपुर थाना क्षेत्र के बीबीपुर निवासी ऋषि वर्मा ने उससे शादी का वादा कर शारीरिक संबंध बनाए। पीडि़ता का आरोप है कि आरोपी ने विवाह का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया और जब उसने इसका विरोध किया तथा विवाह की बात कही तो उसे जान से मारने की धमकी दी।पीडि़ता की तहरीर के आधार पर थाना चिनहट में मुकदमा अपराध संख्या 360/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 और 351(3) में अभियोग पंजीकृत किया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक विवेक मिश्रा को सौंपी गई।घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक चिनहट के नेतृत्व में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 जुलाई को नामजद आरोपी ऋषि वर्मा (19 वर्ष) पुत्र लवलेश कुमार, निवासी बीबीपुर, थाना जैदपुर, जनपद बाराबंकी को थाना चिनहट कार्यालय परिसर से गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के बाद पुलिस ने उसके विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कराई जा रही है। इसके लिए अन्य थानों और संबंधित जनपदों से जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसके विरुद्ध पहले से कोई अन्य आपराधिक मामला दर्ज है या नहीं।पुलिस का कहना है कि महिलाओं के विरुद्ध अपराध के मामलों में त्वरित कार्रवाई प्राथमिकता है। मामले की विवेचना के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

