0-राष्ट्रपति प्रबावो सुबियांटो ने प्रधानमंत्री मोदी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान बिंतांग आदिपूर्णा से किया सम्मानित
जकार्ता,07 जुलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तीन दिवसीय आधिकारिक इंडोनेशिया यात्रा के दौरान मंगलवार को राजधानी जकार्ता में भारत और इंडोनेशिया के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की द्विपक्षीय वार्ता हुई। प्रधानमंत्री मोदी और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबावो सुबियांटो की मौजूदगी में रक्षा, महत्वपूर्ण खनिज, समुद्री सुरक्षा, डिजिटल भुगतान, कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, अंतरिक्ष तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता सहित अनेक रणनीतिक क्षेत्रों में महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। इन समझौतों से दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
बैठक में प्रधानमंत्री मोदी के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल तथा विदेश सचिव विक्रम मिसरी भी उपस्थित रहे। वार्ता के बाद राष्ट्रपति प्रबावो सुबियांटो ने प्रधानमंत्री मोदी को इंडोनेशिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान बिंतांग आदिपूर्णा से सम्मानित किया। यह प्रधानमंत्री मोदी को मिला 34वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है।
रक्षा सहयोग को मिली नई दिशा
दोनों देशों ने बहुप्रतीक्षित ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल और तटीय रक्षा प्रणाली की आपूर्ति से जुड़े ऐतिहासिक रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए। इसके तहत भारत इंडोनेशिया को मिसाइलों के साथ मोबाइल प्रक्षेपण प्रणाली, राडार, प्रशिक्षण तथा रखरखाव संबंधी सहायता भी उपलब्ध कराएगा।
इसके अलावा भारत डायनेमिक्स लिमिटेड और इंडोनेशिया की रिपब्लिकॉर्प के बीच अस्त्र हवा से हवा में मार करने वाली मिसाइलों की आपूर्ति को लेकर भी महत्वपूर्ण समझौता हुआ।
सबंग बंदरगाह का संयुक्त विकास
भारत और इंडोनेशिया ने मलक्का जलडमरूमध्य के निकट स्थित रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण सबंग बंदरगाह के संयुक्त विकास पर सहमति जताई। इस परियोजना से हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा और संपर्क व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
महत्वपूर्ण खनिज और इस्पात क्षेत्र में सहयोग
स्वच्छ ऊर्जा और विद्युत चालित वाहन उद्योग की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इंडोनेशिया भारत के लिए निकल, लिथियम और कोबाल्ट जैसे महत्वपूर्ण खनिजों की सुरक्षित आपूर्ति श्रृंखला विकसित करेगा।
साथ ही, भारत के इस्पात प्राधिकरण (सेल) और इंडोनेशिया की क्राकाटोआ स्टील कंपनी के बीच इंडोनेशिया में स्टेनलेस स्टील स्लैब के संयुक्त उत्पादन के लिए साझा उद्यम स्थापित करने पर भी सहमति बनी।
डिजिटल भुगतान और चुनावी तकनीक
भारत की एकीकृत भुगतान अंतरफलक (यूपीआई) को इंडोनेशिया की त्वरित प्रतिक्रिया संहिता इंडोनेशियाई मानक (क्यूआरआईएस) से जोडऩे का महत्वपूर्ण समझौता हुआ। इससे भारतीय पर्यटक और व्यापारी सीधे अपने भारतीय बैंक खातों से इंडोनेशिया में भुगतान कर सकेंगे।
इसके अलावा चुनावी प्रक्रियाओं में सहयोग के तहत भारत इंडोनेशिया को इलेक्ट्रॉनिक मतदान मशीनें (ईवीएम) तथा तकनीकी सहायता उपलब्ध कराएगा।
कृषि क्षेत्र में सहयोग बढ़ेगा
दोनों देशों ने कृषि अनुसंधान, व्यापार और उर्वरकों की नियमित आपूर्ति के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। भारत इंडोनेशिया को 100 टन उच्च गुणवत्ता वाले डीडब्ल्यूआर-162 गेहूं के बीज उपलब्ध कराएगा।
साथ ही दोनों देशों के कृषि अनुसंधान संस्थान नई फसल किस्मों, जलवायु परिवर्तन के अनुरूप खेती तथा कीट नियंत्रण पर संयुक्त अनुसंधान करेंगे और टिकाऊ कृषि तकनीकों का आदान-प्रदान करेंगे।
स्वास्थ्य क्षेत्र में समझौते
भारत के केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन और इंडोनेशिया की राष्ट्रीय औषधि एवं खाद्य नियंत्रण एजेंसी के बीच हुए समझौते से भारतीय किफायती जेनेरिक दवाओं की पहुंच इंडोनेशिया के नागरिकों तक आसान होगी।
इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य कार्यबल सहयोग समझौते के तहत भारत इंडोनेशिया के चिकित्सकों, नर्सों और स्वास्थ्य कर्मियों के प्रशिक्षण तथा कौशल विकास में सहयोग करेगा।
शिक्षा और प्रौद्योगिकी में साझेदारी
शिक्षा क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल करते हुए भारतीय प्रबंधन संस्थान, बेंगलुरु इंडोनेशिया के सिंघासारी विशेष आर्थिक क्षेत्र में अपना पहला विदेशी परिसर स्थापित करेगा। इससे आसियान क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्चस्तरीय प्रबंधन शिक्षा का लाभ मिलेगा।
दोनों देशों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता, दूरसंचार, डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना तथा नवाचार आधारित उद्यमों के बीच सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति व्यक्त की।
अंतरिक्ष क्षेत्र में भी बढ़ेगा सहयोग
भारत और इंडोनेशिया ने शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए अंतरिक्ष सहयोग संबंधी समझौता ज्ञापन को मंजूरी दी। इसके तहत उपग्रह प्रौद्योगिकी, आंकड़ा साझाकरण और अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में संयुक्त परियोजनाओं को गति दी जाएगी।
इन व्यापक समझौतों के माध्यम से भारत और इंडोनेशिया ने रक्षा, अर्थव्यवस्था, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित अनेक क्षेत्रों में अपने संबंधों को नई ऊंचाई देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

