मां की हालत दयनीय, पिता को बंधाया ढांढस
कोलकाता। दक्षिण 24 परगना के बारुईपुर में एक नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म और उसके बाद उसकी बेरहमी से हत्या के मामले ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। समाज के हर वर्ग में इस जघन्य अपराध को लेकर भारी आक्रोश है। इस बीच, पीडि़त परिवार को सांत्वना देने और न्याय का भरोसा दिलाने के लिए भारतीय जनता मजदूर सेल (बीजेएमसी) की महिला विंग की पश्चिम बंगाल अध्यक्ष माया बाग के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल पीडि़ता के घर पहुंचा। घटना के सदमे से पीडि़ता की मां की हालत बेहद दयनीय बनी हुई है। वह इस स्थिति में भी नहीं थीं कि किसी से बात कर सकें। ऐसे में माया बाग और बीजेएमसी की टीम ने पीडि़ता के पिता से मुलाकात की। उन्होंने परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और उन्हें ढांढस बंधाया कि इस दुख की घड़ी में वे अकेले नहीं हैं।
पीडि़त परिवार से मुलाकात के बाद घर के बाहर मौजूद मीडियाकर्मियों से बात करते हुए माया बाग ने स्पष्ट और कड़े शब्दों में कहा,
“पीडि़त परिवार पश्चिम बंगाल की शुभेंदु सरकार पर पूरा भरोसा रखे, उन्हें न्याय ज़रूर मिलेगा। बंगाल में अब दौर बदल चुका है और यहां कानून से ऊपर कोई नहीं है। इस जघन्य अपराध में शामिल कोई भी दोषी हो, वह अपने अंजाम तक जरूर पहुंचेगा। उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।” माया बाग ने मामले की निष्पक्षता पर जोर देते हुए कहा कि इस घटना में किसी भी स्तर पर पुलिस या प्रशासन की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। घटना से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े हर एक व्यक्ति की भूमिका की निष्पक्ष जांच होगी। उन्होंने पीडि़त परिवार को आश्वस्त किया कि बीजेएमसी न्याय की इस लड़ाई में हर स्तर पर उनके साथ खड़ी है और परिवार को हर संभव कानूनी व सामाजिक सहयोग देने के लिए सदैव तैयार है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

