घटना स्थल पर पहुंचीं पार्षद मीना देवी पुरोहित
जयदीप यादव
कोलकाता। मध्य कोलकाता के व्यस्त और अत्यधिक भीड़भाड़ वाले व्यावसायिक व आवासीय क्षेत्र बड़ा बाजार में एक बड़ा हादसा टल गया। यहां महर्षि देबेंद्र रोड स्थित एक आवासीय इमारत का एक हिस्सा अचानक भरभरा कर ढह गया। घटना कोलकाता नगर निगम के वार्ड संख्या 22 की है। जर्जर हिस्से के गिरने से इलाके में तेज आवाज हुई, जिससे स्थानीय निवासियों में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई।
वैसे राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के घायल होने या जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। अत्यधिक व्यस्त इलाका होने के बावजूद घटना के वक्त मलबे की चपेट में कोई नहीं आया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं, ताकि बची हुई इमारत को सुरक्षित किया जा सके और मलबे को हटाया जा सके।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पार्षद और वरिष्ठ भाजपा नेता मीना देवी पुरोहित तुरंत स्थिति का जायजा लेने दुर्घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने प्रभावित इमारत के निवासियों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और उनकी सुरक्षा की जानकारी ली।
पार्षद ने त्वरित सुरक्षा उपायों का बारीकी से निरीक्षण किया और बची हुई जर्जर संरचना से निवासियों को सुरक्षित निकालने तथा तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए कोलकाता नगर निगम के उच्च अधिकारियों से संपर्क कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
स्थानीय अधिकारियों और नगर निगम की तकनीकी टीम फिलहाल इमारत का हिस्सा गिरने के सटीक कारणों की जांच कर रही है। बड़ा बाजार और आसपास के इलाकों में सैकड़ों की संख्या में ऐसी अति-जर्जर और खतरनाक इमारतें हैं, जो मानसून या सामान्य दिनों में भी हादसों को न्यौता देती हैं। इस घटना ने एक बार फिर इन पुरानी इमारतों की मरम्मत और निवासियों की सुरक्षा को लेकर प्रशासनिक मुस्तैदी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

