० शाहवाड़ा स्कूल में पुलिस ने प्रोजेक्टर के माध्यम से दी सड़क सुरक्षा की जानकारी, राहवीर योजना और अभिव्यक्ति ऐप से भी कराया परिचय
कांकेर, 08 जुलाई (आरएनएस)। जिला पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा और साइबर जागरूकता अभियान के तहत बुधवार को चौकी हल्बा क्षेत्र के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शाहवाड़ा में छात्र-छात्राओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 200 विद्यार्थियों को यातायात नियमों, महिला सुरक्षा, बाल अपराध, साइबर अपराध और गुड टच-बैड टच जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्री माल (भानुप्रतापपुर) एवं योगेश साहू के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का संचालन उप पुलिस अधीक्षक डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में किया गया। यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक दीपक साव एवं यातायात पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा संबंधी नियमों की विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सड़क पर सुरक्षित चलने के तरीके, यातायात संकेतों का महत्व, ट्रैफिक सिग्नल, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, ओवरस्पीड से बचने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने तथा यातायात नियमों के उल्लंघन से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं के बारे में प्रोजेक्टर के माध्यम से वीडियो दिखाकर जागरूक किया गया।
इस दौरान विद्यार्थियों को राहवीर योजना की भी जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिक को शासन की ओर से 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। इस योजना का उद्देश्य दुर्घटना पीडि़तों को समय पर उपचार उपलब्ध कराकर उनकी जान बचाना है।
कार्यक्रम में महिला रक्षा टीम ने छात्र-छात्राओं को महिला एवं बाल सुरक्षा, बाल अपराध, गुड टच-बैड टच, अभिव्यक्ति ऐप तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।
जागरूकता कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा लगभग 200 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे और कार्यक्रम का लाभ उठाया।
०





